राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा के मूल्यांकन में हासिल की सफलता
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विकासखंड भरतपुर (जनकपुर) के अंतर्गत संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार गुणवत्ता सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं। इन्हीं प्रयासों के तहत जमथान स्वास्थ्य केंद्र ने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर सफलता हासिल की है।
स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा के मानकों पर मिली सफलता
NQAS प्रमाणन के लिए स्वास्थ्य संस्थानों का मूल्यांकन स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुरक्षा, उपचार व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण और संस्थागत प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मापदंडों पर किया जाता है। आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान ने इन निर्धारित मानकों को पूरा कर राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि से जमथान और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। स्थानीय स्तर पर सुरक्षित और व्यवस्थित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम है।
जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी प्रमाणित कराने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जिले की अन्य स्वास्थ्य संस्थाओं को भी चरणबद्ध तरीके से राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित कर NQAS प्रमाणन दिलाने का लक्ष्य है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के समर्पण और सामूहिक प्रयासों को दिया।
टीमवर्क और बेहतर प्रबंधन से मिली सफलता
जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने बताया कि प्रमाणन के लिए स्वास्थ्य केंद्र में आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, अभिलेख संधारण और मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया गया। नियमित गुणवत्ता सुधार गतिविधियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि संभव हुई।
इस सफलता में जिला NQAS नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, सहायक नोडल अधिकारी अवनीश पाण्डेय, विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य टीम तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर जमथान के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने इसे जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।




पाठकों की टिप्पणियां 0