LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
14 Nov 2026
ब्रेकिंग

जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में बिखरी संस्कृति की छटा, छिपछिपी का कर्मा दल रहा अव्वल

जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में बिखरी संस्कृति की छटा, छिपछिपी का कर्मा दल रहा अव्वल
जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव में बिखरी संस्कृति की छटा, छिपछिपी का कर्मा दल रहा अव्वल। फोटो: आज का दिन न्यूज़

विधायक रेणुका सिंह ने किया जिला स्तरीय महोत्सव का शुभारंभ, दस दलों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां; अब राज्य स्तरीय मंच पर दिखाएंगे हुनर

मनेंद्रगढ़। जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं और पारंपरिक कलाओं की जीवंत झलक मनेंद्रगढ़ में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव एवं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव में देखने को मिली। मांदर की थाप, पारंपरिक लोकगीतों और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक उत्सव में बदल दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने किया।

इस अवसर पर कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार और एसडीएम शशि शेखर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद वीर नारायण सिंह के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। अतिथियों ने उनके बलिदान और संघर्ष को नमन किया।

लोक संस्कृति हमारी पहचान और विरासत : रेणुका सिंह

मुख्य अतिथि विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं, लोकगीत और लोक नृत्य हमारी अनमोल ऐतिहासिक धरोहर हैं। इनमें हमारी पीढ़ियों का इतिहास, जीवनशैली, सामाजिक एकता और प्रकृति के प्रति जुड़ाव समाहित है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों की छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है। उन्होंने कहा कि लोक परंपराओं और कलाओं का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्थानीय कलाकारों को मंच देना प्रशासन की प्राथमिकता : कलेक्टर

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि जिला प्रशासन स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों के कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों की सराहना करते हुए कलाकारों को अपनी परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

दस कर्मा दलों के बीच मुकाबला, छिपछिपी ने मारी बाजी

महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे दस कर्मा नृत्य दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों की लय और मांदर की थाप पर कलाकारों के सामूहिक नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

प्रतियोगिता में जय बूढ़ादेव कर्मा दल छिपछिपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। हीरा मोती कर्मा दल ढुलकु द्वितीय और राम चरित मानस कर्मा दल बाला तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता में महारानी दुर्गावती कर्मा दल सिरौली, मोर कर्मा दल बिछली, कर्मा दल मनियारी, धरती माता कर्मा दल उधनापुर, जय बजरंग दल नगोई, कर्मा दल शिवपुर और कर्मा दल फुनगा सहित कुल दस दलों ने भाग लिया।

राज्य स्तरीय महोत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेगा छिपछिपी दल

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जय बूढ़ादेव कर्मा दल छिपछिपी का चयन रायगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए किया गया है। अब यह दल राज्य स्तर पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की जनजातीय संस्कृति और कर्मा नृत्य की समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करेगा।

महोत्सव में प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की जीवनशैली, सामूहिकता और प्रकृति से उसके गहरे संबंधों की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों एवं नृत्य दलों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0