LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
14 Nov 2026
ब्रेकिंग

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में चमकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों की पहचान

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में चमकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों की पहचान
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में चमकी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और स्टार्टअप नवाचारों की पहचान। फोटो: आज का दिन न्यूज़

नई दिल्ली के भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ, रेजिडेंट कमिश्नर श्रुति सिंह ने किया विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन

कारीगरों, स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का मिल रहा अवसर

नई दिल्ली/रायपुर, 14 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (India International Trade Fair) में छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक क्षमताओं और आधुनिक नवाचारों के साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान प्रस्तुत कर रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ पवेलियन का शुभारंभ राज्य की रेजिडेंट कमिश्नर सुश्री श्रुति सिंह ने किया।

उद्घाटन के बाद रेजिडेंट कमिश्नर ने पवेलियन में विभिन्न विभागों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स और प्रदर्शकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉल संचालकों और प्रतिनिधियों से संवाद कर प्रदर्शित उत्पादों, सेवाओं, तकनीकी नवाचारों और व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स द्वारा प्रस्तुत नए व्यावसायिक विचारों, तकनीक आधारित उत्पादों और नवाचारों में रुचि दिखाई। उन्होंने उद्यमियों के प्रयासों और उनके उत्पादों की संभावनाओं पर भी चर्चा की।

परंपरा और आधुनिकता का संगम बना छत्तीसगढ़ पवेलियन

छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की समृद्ध जनजातीय एवं सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम और नवाचार आधारित उद्यमों को भी स्थान दिया गया है।

यह पवेलियन छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान और आधुनिक आर्थिक संभावनाओं को एक साथ प्रस्तुत कर रहा है। स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों और स्टार्टअप्स के उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने की दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण मंच है।

स्थानीय उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सहभागिता का उद्देश्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना है। इस मंच के माध्यम से कारीगरों, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को संभावित खरीदारों, निवेशकों तथा व्यावसायिक प्रतिनिधियों के साथ संवाद और संपर्क स्थापित करने का अवसर मिल रहा है।

प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों की पहचान बढ़ाने, व्यापारिक संभावनाओं का विस्तार करने और निवेश एवं तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में यह सहभागिता महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय संसाधनों और उद्यमशीलता को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने की यह पहल प्रदेश की आर्थिक एवं व्यावसायिक पहचान को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0