मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एशियन पैरा गेम्स 2026 के पदक विजेता दोनों खिलाड़ियों को किया सम्मानित; पैरा बैडमिंटन में कांस्य जीतने वाले अभिजीत सखूजा को भी मिली 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि
रायपुर। नक्सली हमले में अपना एक पैर गंवाने के बावजूद हौसला नहीं खोया और खेल के मैदान में ऐसी वापसी की कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का तिरंगा बुलंद कर दिया। बालोद जिले के तोमन कुमार ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में पैरा तीरंदाजी का स्वर्ण पदक जीतकर संघर्ष और संकल्प की मिसाल पेश की है। वहीं बिलासपुर के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है।
दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी के स्वर्ण पदक विजेता तोमन कुमार को 51 लाख रुपये और पैरा बैडमिंटन के कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शाल और बस्तर कला का प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।
नक्सली हमले में गंवाया पैर, लेकिन नहीं छोड़ा जीत का सपना
बालोद जिले के ग्राम नवागांव निवासी तोमन कुमार की कहानी अदम्य साहस और इच्छाशक्ति की मिसाल है। वे सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन में सेवा दे रहे थे। वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में उन्हें अपना बायां पैर गंवाना पड़ा।
यह हादसा किसी भी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदल सकता था, लेकिन तोमन ने परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी। उन्होंने वर्ष 2023 में पैरा तीरंदाजी की शुरुआत की। लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी अलग पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तोमन के संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जवान ने खेल के मैदान में भी असाधारण इच्छाशक्ति दिखाई है। नक्सली हमले ने उनका एक पैर जरूर छीन लिया, लेकिन देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा नहीं छीन सका।
बचपन की शारीरिक चुनौती को हराकर अभिजीत ने जीता कांस्य
बिलासपुर निवासी अभिजीत सखूजा की उपलब्धि भी कम प्रेरणादायक नहीं है। वे बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने खेल को अपना लक्ष्य बनाया और पैरा बैडमिंटन में लगातार मेहनत करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई।
एशियन पैरा गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतकर अभिजीत ने साबित किया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास से कठिन परिस्थितियों को भी पीछे छोड़ा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने अभिजीत की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के परिवारों को भी बधाई दी और कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता के पीछे परिवार का सहयोग और विश्वास महत्वपूर्ण होता है।
पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार का सहयोग
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं के तहत तीन लाख रुपये तक की टीए-डीए सहायता भी दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे तथा पैरालंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन : अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का सकारात्मक वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि 'जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे' की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक खेल आकांक्षा शिक्षा खलखो तथा दोनों खिलाड़ियों के परिवारजन उपस्थित थे।




पाठकों की टिप्पणियां 0