LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
14 Nov 2026
ब्रेकिंग

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश का असर: 48 घंटे में बदली 220 बिस्तर अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश का असर: 48 घंटे में बदली 220 बिस्तर अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश का असर: 48 घंटे में बदली 220 बिस्तर अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था। फोटो: आज का दिन न्यूज़

श्याम बिहारी जायसवाल के औचक निरीक्षण के बाद तत्काल स्थानांतरण के मिले थे निर्देश, नए आपातकालीन कक्ष में शुरू हुई स्वास्थ्य सेवाएं

मनेंद्रगढ़। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशों पर मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल में महज 48 घंटे के भीतर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया। अस्पताल के न्यू इमरजेंसी वार्ड को नए स्थान पर स्थानांतरित कर आवश्यक सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस त्वरित कार्रवाई से अब आपातकालीन स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को पहले से बेहतर और व्यवस्थित उपचार सुविधा मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, 10 नवंबर को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और आपातकालीन उपचार व्यवस्था का जायजा लिया।

इसी दौरान मौजूदा आपातकालीन कक्ष की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता महसूस करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल इमरजेंसी वार्ड को नए स्थान पर स्थानांतरित कर सर्वसुविधायुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

निर्देश मिलते ही हरकत में आया अस्पताल प्रबंधन

स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों पर अस्पताल प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई की। महज 48 घंटे के भीतर इमरजेंसी कक्ष को नए स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद यहां मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं भी शुरू कर दी गईं।

नए आपातकालीन कक्ष के संचालन से मरीजों को उपचार उपलब्ध कराने में सहूलियत मिलने के साथ ही आपात परिस्थितियों में चिकित्सा सेवाओं को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने पर जोर

गौरतलब है कि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल लगातार स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उनका जोर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने पर है।

मनेंद्रगढ़ के 220 बिस्तर अस्पताल में निरीक्षण के महज 48 घंटे के भीतर आपातकालीन कक्ष का स्थानांतरण इस बात का उदाहरण है कि प्रशासनिक स्तर पर तत्परता और समयबद्ध क्रियान्वयन से सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार किया जा सकता है।

आपातकालीन कक्ष की नई व्यवस्था शुरू होने से मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल प्रबंधन की इस त्वरित कार्रवाई को स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0