LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
16 Nov 2026
ब्रेकिंग

भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का हुआ आयोजन

भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का हुआ आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का हुआ आयोजन। फोटो: आज का दिन न्यूज़

चिरमिरी । भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोमनहिल में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान, अधिकारों और सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लेख वाचन, प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, नारा निर्माण एवं संकल्प गतिविधियों के माध्यम से महान जननायक बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और विचारों को आत्मसात किया।Example Image

    लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी, जिला एमसीबी रविकांत यादव के आदेशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन संस्था की प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन के निर्देशन एवं कार्यक्रम प्रभारी व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

   कार्यक्रम में कक्षा नौवीं की छात्रा अर्पिता ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित लेख का प्रभावशाली वाचन किया। लेख में उनके बाल्यकाल, सामाजिक जागृति, अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष, ऐतिहासिक उलगुलान आंदोलन तथा जल- जंगल- जमीन पर आदिवासी समाज के अधिकारों की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। लेख का निर्माण एवं मार्गदर्शन व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी ने किया।Example Image

      इसके पश्चात आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बिरसा मुंडा के जीवन, ऐतिहासिक योगदान एवं विचारों से जुड़े सवालों के माध्यम से अपनी जानकारी और समझ का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का निर्माण सहायक शिक्षक विवेक कुमार वर्मा ने किया। इसमें रिबका बड़ा ने प्रथम, काजल दास ने द्वितीय तथा दिशा श्रीवास एवं संध्या चौरसिया ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

     चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा के माध्यम से धरती आबा के व्यक्तित्व एवं जनजातीय गौरव को रंगों में उकेरा। इसमें अर्पिता प्रथम, निधि एवं रिबका द्वितीय तथा नीलू, रोशनी एवं काजल संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। वहीं नारा निर्माण गतिविधि में शालिनी विश्वकर्मा, संध्या, दिशा, रिबका एवं अयान खान ने जनजातीय अस्मिता, सामाजिक समानता, प्रकृति संरक्षण और अधिकारों पर आधारित प्रेरक नारे प्रस्तुत किए।

    कार्यक्रम का विशेष आकर्षण भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती पर तैयार किया गया 'जनजातीय गौरव एवं स्वाभिमान संकल्प पत्र' रहा। इसे कार्यक्रम प्रभारी के. प्रफुल्ल रेड्डी ने तैयार किया। उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लेते हुए सामाजिक समानता, प्रकृति संरक्षण, अन्याय के विरुद्ध जागरूकता, अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के सम्मान तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।  

    प्राचार्य श्रीमती रजनी सालोमन ने प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय व समस्त प्रतिभागी बच्चों को पेन वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि 15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित कर शोषण, अन्याय और अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष का नेतृत्व किया था। उनका ऐतिहासिक उद्घोष "अबुआ दिशुम, अबुआ राज" अर्थात अपना देश, अपना शासन आज भी स्वाभिमान, अधिकारों और आत्मनिर्णय की चेतना का प्रतीक है।

     कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि महान विभूतियों की जयंती मनाने की सार्थकता केवल उनके चित्र पर पुष्प अर्पित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों, आदर्शों और संघर्षों को अपने व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। धरती आबा बिरसा मुंडा का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपनी संस्कृति की रक्षा करने, प्रकृति के प्रति संवेदनशील रहने और सामाजिक न्याय के लिए जागरूक बनने की प्रेरणा देता है।

    कार्यक्रम में व्याख्याता देवी प्रसाद काठे, श्रीमती नेहा सिंह, ऐनु सिंह जगत, सच्चिदानंद रजक तथा बी.एड. प्रशिक्षार्थी शिक्षक स्नेहा पैकरा, सतीश यादव एवं ओम प्रकाश लकड़ा सहित मिडिल एवं हायर सेकेंडरी के विद्यार्थी उपस्थित रहे। Example Image

    मंच संचालन व्याख्याता के. प्रफुल्ल रेड्डी ने किया तथा आभार प्रदर्शन अतिथि शिक्षक एस. रजक ने किया। कार्यक्रम की फोटोग्राफी सहायक शिक्षक ऐनु सिंह जगत ने की।

     कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के बीच यह संदेश छोड़ा कि बिरसा मुंडा केवल इतिहास के एक महानायक नहीं, बल्कि स्वाभिमान, संघर्ष, अधिकार और सामाजिक चेतना के ऐसे विचार हैं, जिनकी प्रासंगिकता हर पीढ़ी के लिए बनी रहेगी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0