फिजिशियन एसोसिएट से लेकर रेडियोलॉजी, डायलिसिस और ऑप्टोमेट्री तक की पढ़ाई का मौका, आठ स्नातक और तीन डिप्लोमा कोर्स में मिलेगा प्रशिक्षण
रायपुर, 16 नवंबर 2026। चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सहायक एवं स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें आठ स्नातक और तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की विभिन्न विशेषज्ञ सेवाओं में व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इन पाठ्यक्रमों में रोगों की जांच, उपचार के दौरान चिकित्सकों को सहयोग, मेडिकल इमेजिंग, डायलिसिस, नेत्र परीक्षण, ऑपरेशन थिएटर संचालन और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं के प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है। सभी पाठ्यक्रम राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग (एनसीएएचपी) के निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं।
आठ स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर
स्नातक स्तर पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों में चिकित्सक सहायक (फिजिशियन एसोसिएट), स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन, चिकित्सा रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग तकनीक, एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर प्रौद्योगिकी, रेडिएशन थेरेपी तकनीक, डायलिसिस थेरेपी तकनीक, ऑप्टोमेट्री और चिकित्सीय प्रयोगशाला विज्ञान शामिल हैं।
इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं के अलग-अलग तकनीकी और सहायक क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर सकेंगे।
तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम भी उपलब्ध
डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एवं ऑपरेशन थिएटर तकनीक, डायलिसिस तकनीक और चिकित्सीय प्रयोगशाला तकनीक के पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों को संबंधित चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक तकनीकी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगी प्रवेश संबंधी जानकारी
संचालक चिकित्सा शिक्षा विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से पाठ्यक्रमवार पात्रता, अध्ययन अवधि और प्रवेश से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियां प्राप्त करने के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर जाने की अपील की है।
विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी प्रमाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए केवल आधिकारिक शासकीय अधिसूचनाओं का ही अवलोकन करें।
चिकित्सा शिक्षा के इन नए अवसरों से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को विभिन्न तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।




पाठकों की टिप्पणियां 0