स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया दोनों केंद्रों का लोकार्पण, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
चिरमिरी। किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी करते हुए विकासखंड खड़गवां के ग्राम कदरेवा और उधनापुर में नवीन धान खरीदी केंद्रों की शुरुआत की गई। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने दोनों केंद्रों का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
नए धान खरीदी केंद्र शुरू होने से कदरेवा, उधनापुर और आसपास के गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अब दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे किसानों को आवागमन में होने वाली परेशानी के साथ परिवहन खर्च और समय की बचत होगी।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्र के किसान लंबे समय से कदरेवा में धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग कर रहे थे। किसानों की आवश्यकता को देखते हुए शासन स्तर पर पहल की गई और लगभग दो से तीन सप्ताह पूर्व नए खरीदी केंद्रों को स्वीकृति प्रदान की गई। स्वीकृति मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कदरेवा और उधनापुर में प्रस्तावित केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए थे।
किसानों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से खड़गवां जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कदरेवा और उधनापुर में नवीन धान खरीदी केंद्र प्रारंभ किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नए केंद्रों के संचालन से किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर ही उपज विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी।
मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की जरूरतों और मांगों को ध्यान में रखते हुए कृषि सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। उद्देश्य यही है कि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
किसानों में खुशी, शासन के प्रति जताया आभार
कदरेवा और उधनापुर में नए धान खरीदी केंद्रों की शुरुआत को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से इस सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे किसानों ने केंद्रों के लोकार्पण पर खुशी जाहिर करते हुए शासन और स्थानीय विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
दोनों केंद्रों के शुरू होने से खड़गवां क्षेत्र में धान खरीदी व्यवस्था का विस्तार हुआ है। इससे स्थानीय किसानों को उपज विक्रय में सहूलियत मिलने के साथ कृषि व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।




पाठकों की टिप्पणियां 0