दो साल तक चला निःशुल्क उपचार, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से मिली पोषण सहायता; कक्षा 11वीं में पढ़ रही सुकमा की बेटी बनी प्रेरणा
रायपुर, 14 नवंबर 2026। कभी बोन टीबी के कारण घुटनों के बल चलने को मजबूर सुकमा जिले की दीपिका नाग आज अपने पैरों पर खड़ी होकर सपनों की उड़ान भर रही हैं। गंभीर बीमारी को मात देकर उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की और वर्तमान में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं। उनकी यह उपलब्धि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, निरंतर उपचार और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरक मिसाल है।
सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्व. तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था। वह अपने पैरों पर खड़ी तक नहीं हो पाती थीं। जांच में हड्डी की टीबी (बोन टीबी) की पुष्टि हुई। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका उपचार जिले में ही शुरू किया। करीब दो वर्षों तक उनका निःशुल्क उपचार और नियमित निगरानी की गई।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत दीपिका को नियमित जांच के साथ पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता भी मिली। इस दौरान उनका वजन 15 किलोग्राम बढ़ा और स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। बीमारी से उबरने के बाद उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित किया और नवोदय विद्यालय में प्रवेश हासिल किया।
हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक जयनारायण सिंह ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। वर्ष 2020 में अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान की अपनी पुरानी तस्वीर देखकर दीपिका भावुक हो उठीं।
दीपिका और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया है। कभी बीमारी से जूझने वाली दीपिका की आज की उपलब्धि यह संदेश देती है कि समय पर उपचार, उचित देखभाल और मजबूत इच्छाशक्ति से मुश्किल परिस्थितियों को भी बदला जा सकता है।




पाठकों की टिप्पणियां 0