स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, व्रती महिलाओं से मिलकर दी पर्व की शुभकामनाएं
चिरमिरी। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा पर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। चिरमिरी के डोमनहिल छठ घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती महिलाओं, उनके परिजनों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मैया के पारंपरिक गीतों, दीपों की रोशनी और पूजा-अर्चना के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
छठ महापर्व को लेकर विभिन्न घाटों पर आकर्षक साज-सज्जा और पूजा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सिर पर पूजा सामग्री से सजे टोकरे, हाथों में फलों से भरे सूप और गन्ने लेकर घाटों की ओर बढ़ते श्रद्धालु लोक आस्था और पारंपरिक संस्कृति की सुंदर तस्वीर पेश कर रहे थे।
सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और संतान के मंगलमय जीवन की कामना की। पारंपरिक छठ गीतों और दीपों की रोशनी से डोमनहिल घाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी नजर आया।
स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना
छठ महापर्व के अवसर पर स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी डोमनहिल छठ घाट पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के बीच पहुंचकर पूजा-अर्चना की और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने छठ व्रत कर रही माताओं एवं बहनों से मुलाकात कर उन्हें लोक आस्था के महापर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
परंपरा के अनुसार मंत्री जायसवाल ने सबसे पहले डोमनहिल घाट पर पहुंचकर पूजा की। इसके बाद गोदरीपारा, बड़ा बाजार, हल्दीबाड़ी, कोरिया, पोड़ी और जीएम कॉम्प्लेक्स सहित चिरमिरी के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए छठी मैया से प्रार्थना की।
उगते सूर्य को अर्घ्य के दौरान मनेंद्रगढ़ के घाटों पर भी पहुंचे मंत्री
छठ महापर्व के अगले दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के अवसर पर भी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर चिरमिरी नगर निगम के महापौर रामनरेश राय, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का दिखा अनूठा संगम
चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ के विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने लोक आस्था, पारिवारिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता की जीवंत तस्वीर पेश की। भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की आराधना के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। श्रद्धा, समर्पण और विश्वास का यह महापर्व एक बार फिर क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करता दिखाई दिया।




पाठकों की टिप्पणियां 0