स्वामी आत्मानंद स्कूल मनेंद्रगढ़ की एसएमसी बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर लिए गए अहम निर्णय
मनेंद्रगढ़। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मनेंद्रगढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की विशेष त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और स्कूल की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने की। इसमें विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए पढ़ाई में कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया गया। इन कक्षाओं के माध्यम से विषयवार कमजोरियों को दूर करने और बच्चों की सीखने की क्षमता में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से होगा सीधा संपर्क
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को शिक्षा की गुणवत्ता से जोड़ते हुए इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया गया। लगातार अथवा अनियमित रूप से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालकों से शिक्षक व्यक्तिगत संपर्क करेंगे और अनुपस्थिति के कारणों की जानकारी लेकर बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके साथ ही शिक्षकों और पालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी सहमति बनी।
स्कूल की सुविधाओं में सुधार के लिए भेजे जाएंगे प्रस्ताव
विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा के दौरान आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों को चिन्हित कर उनके प्रस्ताव विकासखंड स्तर पर भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में मध्यान्ह भोजन, गणवेश और पाठ्यपुस्तक वितरण सहित शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। समिति ने निर्देशित किया कि सभी पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और विद्यालय में पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए।
बैठक के समापन पर एसएमसी अध्यक्ष ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षकों, पालकों और समिति सदस्यों की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने सभी से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने और विद्यालय की सुविधाओं के विकास में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।




पाठकों की टिप्पणियां 0