भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री, बस्तर में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
रायपुर, 12 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जनजातीय समाज के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है और राज्य सरकार आदिवासी क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वे रविवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास के जनदर्शन हॉल में आयोजित भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नया राज्य बोर्ड आदिवासी समाज के उत्थान, उनके अधिकारों की रक्षा और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है। बस्तर अब विकास और पर्यटन के नए दौर में प्रवेश कर चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों में घर-घर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सुदूर वनांचलों तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक अवसरों से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के अध्यक्ष प्रकाश कुमार उइके, कौशल्या साय, राजेश मालवीय, कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा सहित विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारी एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।



पाठकों की टिप्पणियां 0