देवाडांड और आमाडांड में आयोजित चार दिवसीय द्वितीय सोपान प्रशिक्षण सह जांच शिविर का भव्य समापन
चिरमिरी। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला एमसीबी के तत्वावधान में विकासखंड खड़गवां के पूर्व माध्यमिक शाला देवाडांड एवं शासकीय हाई स्कूल आमाडांड में आयोजित चार दिवसीय द्वितीय सोपान प्रशिक्षण सह जांच शिविर का 23 नवंबर को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित इन शिविरों में विभिन्न विद्यालयों के कुल 292 स्काउट्स एवं गाइड्स ने भाग लेकर अनुशासन, सेवा, सहयोग और नेतृत्व का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना तथा उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना था। इस दौरान प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार, बीपी सिक्स, स्काउट आंदोलन का इतिहास, बाएं हाथ से अभिवादन एवं हाथ मिलाने की परंपरा, संकेतों के माध्यम से संदेश प्रेषण, दिशा ज्ञान, आपदा प्रबंधन और प्राथमिक सहायता सहित विभिन्न विषयों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
लोक संस्कृति और देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रशिक्षण के साथ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए देशभक्ति गीतों एवं छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे स्काउट्स एवं गाइड्स ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत, लोककला और सांस्कृतिक विरासत की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
अतिथियों की उपस्थिति में हुआ समापन समारोह
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला मुख्य आयुक्त रामलखन सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सहायक जिला आयुक्त एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य ममता सिंह, चिरमिरी नगर निगम के एल्डरमैन उपेन्द्र सिंह, देवाडांड की सरपंच रीता भगत, आमाडांड की सरपंच जमुनी बाई, उपसरपंच हरवंश लाल साहू, कार्यक्रम संयोजक एवं संकुल प्राचार्य जगदीश सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानपाठक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह प्रशिक्षण बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ जीवन जीने की कला, अनुशासन, सेवा, सहयोग और नेतृत्व के गुण सिखाता है। ऐसे आयोजन एक अच्छे नागरिक और आदर्श समाज के निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।
जिला मुख्य आयुक्त रामलखन सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ पद्धति है। यह बच्चों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ देश एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश भी दिया।
अनुभवी प्रशिक्षकों ने दिया प्रशिक्षण
शिविर में प्रशिक्षक के रूप में जीवन राम टोप्पो, वंश गोपाल, अंजू महंत, डेगमन राम राजवाड़े, अनुभव गुप्ता, सुनील विंध्यराज, विजय यादव, सरस्वती देवी एवं अनीता सूर्यवंशी सहित वरिष्ठ स्काउट्स एवं गाइड्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
शिविर संचालकों ने जताया आभार
दोनों शिविरों के संचालक जितेंद्र सिंह एवं कमलेश कुमार साहू ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समाज सेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। स्काउटिंग बच्चों को व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने और जरूरत पड़ने पर दूसरों की सहायता करने के लिए तैयार करती है।
उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जिला पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवारों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के सफल आयोजन पर राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेन्द्र मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी रमा निवास मिश्रा, एएसओसी (गाइड) जेरमिना एक्का, जिला प्रशिक्षण आयुक्त शांतनु कुर्रे, दान बहादुर सिंह, प्रभारी डीओसी नागेश्वर साहू, सोनम कश्यप सहित अन्य स्काउटर, गाइडर एवं विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों तथा प्रधानपाठकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अनुशासन, सेवा, सहयोग और संस्कार का संदेश देते हुए संपन्न हुए इन दोनों शिविरों ने 292 विद्यार्थियों को न केवल स्काउटिंग की बारीकियों से परिचित कराया, बल्कि उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा भी दी।




पाठकों की टिप्पणियां 0