प्रदेश स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह में सेवा और समर्पण को किया गया नमन, चार एफआरयू सेंटर स्थापित करने की भी तैयारी
चिरमिरी। गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में मितानिन बहनों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके वर्षों के सेवा, समर्पण और योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से मितानिन दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत मैदान खड़गवां में प्रदेश स्तरीय मितानिन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में जिले की 1700 से अधिक मितानिन बहनों को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से 75 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। समारोह स्थल पर मितानिनों के कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली पोस्टर प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में मितानिनों की भूमिका को दर्शाया गया।
समारोह का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अतिथियों ने भारत माता एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद वंदे मातरम, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। छत्तीसगढ़ी लोक कलाकार सुनील मानिकपुरी ने 'हमर पारा तुहर पारा' गीत की प्रस्तुति देकर माहौल को सांस्कृतिक रंग दिया। मितानिन बहनों ने महामाला पहनाकर स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया।
25 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों का योगदान
सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि मितानिन कार्यक्रम के 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इस दौरान मितानिन बहनों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, कुष्ठ रोग नियंत्रण और अन्य स्वास्थ्य अभियानों में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि मितानिनों के सहयोग के बिना स्वास्थ्य विभाग की अनेक उपलब्धियां संभव नहीं होतीं।
स्वास्थ्य विभाग की सबसे मजबूत कड़ी हैं मितानिन बहनें : जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मितानिन बहनों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। मितानिनों का काम केवल गर्भवती महिलाओं की देखभाल या प्रसव तक सीमित नहीं है, बल्कि वे टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, गंभीर बीमारियों की पहचान, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और शासन की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का काम करती हैं।
उन्होंने बस्तर में मलेरिया के प्रकोप के दौरान मितानिनों द्वारा कठिन परिस्थितियों में किए गए सेवा कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दुर्गम रास्तों और उफनते पानी के बीच भी मितानिन बहनों ने मरीजों तक पहुंचकर सेवा की है। कई बार मरीजों को अपनी पीठ पर उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक मितानिन बहनें समाज के साथ खड़ी रहती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनों से उनका रिश्ता केवल स्वास्थ्य मंत्री का नहीं, बल्कि एक बेटे और भाई का भी है। उनका सम्मान करना उन बहनों के वर्षों के त्याग, परिश्रम और निस्वार्थ सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना है।
मातृ एवं शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए बनेंगे चार एफआरयू सेंटर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने में मितानिनों का अहम योगदान रहा है। उन्होंने प्रदेश की मातृ मृत्यु दर 123 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसे और कम करने के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में चार एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) सेंटर स्थापित करने की योजना है। इन केंद्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर उपचार और रेफरल सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मितानिन भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये की घोषणा
मितानिन बहनों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में मितानिन भवन निर्माण के लिए जिला खनिज न्यास मद से 75 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र जनकपुर में भी मितानिन भवन निर्माण की बात कही। इस घोषणा का समारोह में उपस्थित मितानिन बहनों ने स्वागत किया।
वरिष्ठ मितानिनों सहित 1700 से अधिक बहनें सम्मानित
समारोह में सबसे बुजुर्ग 10 मितानिन बहनों को स्वास्थ्य मंत्री ने शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अलावा एमटी के साथ मंच पर पहुंचीं मितानिन बहनों का भी सम्मान किया गया। जिले की 1700 से अधिक मितानिनों ने समारोह में भाग लिया और सम्मान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान मितानिन बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। यह आयोजन उनके लंबे समय से जारी जनसेवा के कार्यों को सार्वजनिक पहचान देने और उनका मनोबल बढ़ाने का अवसर बना।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में चिरमिरी नगर निगम के महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, जनपद पंचायत खड़गवां अध्यक्ष श्याम बाई मरकाम, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम, खड़गवां मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह, चिरमिरी मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम एवं तहसीलदार खड़गवां, डीपीएम शिशिर जायसवाल, बीएमओ डॉ. मनीष सिंह, सीएस चिरमिरी श्री तोमर, मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, बीपीएम राजकुमार रजवाड़े सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
खड़गवां में आयोजित यह समारोह उन मितानिन बहनों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का अवसर बना, जो सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने में जुटी हुई हैं।




पाठकों की टिप्पणियां 0