पटना थाना क्षेत्र के ग्राम महोरा में दिया था चोरी की वारदात को अंजाम, पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को पकड़ा
बैकुंठपुर। जिले के पटना थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने ग्राम महोरा में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 8 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे ग्राम महोरा निवासी आनंद तिवारी की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे सामान एवं नकदी की चोरी कर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हुई गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दो युवकों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्य देवांगन (20 वर्ष), निवासी ग्राम बरदिया, थाना पटना तथा मिथिलेश कुमार सिंह (19 वर्ष), निवासी ग्राम बिलासो, थाना पटना के रूप में हुई है।
पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को क्रमशः दोपहर 2:30 बजे और 2:40 बजे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की सूचना नियमानुसार उनके परिजनों को दी गई। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 8 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड स्वीकृत होने पर उन्हें जेल दाखिल कराया गया।
एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के निर्देशन में जिला कोरिया पुलिस द्वारा चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




पाठकों की टिप्पणियां 0