कोंडागांव और रायगढ़ के कलाकारों को मिला राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ढोकरा शिल्पकला को मिली नई पहचान
रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प कला को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी पहचान मिली है। राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के कोंडागांव और रायगढ़ जिले से पहुंचे 50 बेलमेटल शिल्पकारों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। पीढ़ियों से पारंपरिक धातु शिल्पकला को जीवित रखने वाले इन कलाकारों के लिए यह मुलाकात गौरव और सम्मान का विशेष अवसर रही।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत और सचिव राजेश सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
पीढ़ियों से संजोई कला को राष्ट्रपति भवन में मिली पहचान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प विकास बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत कोंडागांव एवं रायगढ़ के बेलमेटल शिल्पकारों से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। इसी के तहत 50 शिल्पकारों का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा और राष्ट्रपति से मुलाकात की।
छत्तीसगढ़ की बेलमेटल कला, विशेषकर बस्तर की प्रसिद्ध ढोकरा शिल्प परंपरा, अपनी विशिष्ट निर्माण शैली और बारीक कारीगरी के लिए देश-दुनिया में पहचानी जाती है। धातु से देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों, लोकजीवन और पारंपरिक आकृतियों को आकार देने वाले इन कलाकारों की रचनाओं में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली की झलक दिखाई देती है।
पारंपरिक हुनर को राष्ट्रीय मंच देने की पहल
राष्ट्रपति भवन में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलता रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के 50 शिल्पकारों की राष्ट्रपति से मुलाकात प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की महत्वपूर्ण पहल है।
शिल्पकारों के सम्मान से बढ़ेगा पारंपरिक कला का महत्व
यह मुलाकात उन कलाकारों के योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है, जो पीढ़ियों से मिले पारंपरिक ज्ञान और कौशल को आज भी जीवित रखे हुए हैं। राष्ट्रपति भवन तक छत्तीसगढ़ के शिल्पकारों की पहुंच प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि और पारंपरिक कारीगरी की विशिष्ट पहचान को रेखांकित करती है। साथ ही यह पहल नई पीढ़ी को पारंपरिक हस्तशिल्प से जुड़ने और इस विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाली है।




पाठकों की टिप्पणियां 0