LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
25 Nov 2026
ब्रेकिंग

गांवों में पहुंचीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, विकास कार्यों का लिया जायजा; छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी

गांवों में पहुंचीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, विकास कार्यों का लिया जायजा; छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
गांवों में पहुंचीं कलेक्टर संतन देवी जांगड़े, विकास कार्यों का लिया जायजा; छात्रावास की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी। फोटो: आज का दिन न्यूज़

18 एकड़ में सामूहिक खेती और आम-अमरूद की बागवानी का किया निरीक्षण, किसानों से जानी आय की जानकारी

केल्हारी छात्रावास में पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्था दो दिनों में सुधारने के निर्देश, विद्यार्थियों से भी किया संवाद

मनेंद्रगढ़। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानने और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति परखने के लिए कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मनेंद्रगढ़ विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवनों, आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर, छात्रावास, आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि एवं उद्यानिकी गतिविधियों का जायजा लिया। कहीं सामूहिक खेती और बागवानी की अच्छी पहल देखकर जानकारी ली, तो कहीं शासकीय संस्थानों में अव्यवस्थाएं मिलने पर अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

कलेक्टर के इस मैदानी दौरे का उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के साथ-साथ यह सुनिश्चित करना था कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और शासकीय संस्थानों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।

लालपुर में क्रीड़ा परिसर का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत लालपुर स्थित आदिवासी बालक क्रीड़ा परिसर एवं खेल मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों से परिसर में रहने की व्यवस्था, खेल गतिविधियों और अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद ग्राम पंचायत डंगौरा में स्थापित आम की नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने नर्सरी में संचालित गतिविधियों और पौधों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

वहीं ग्राम पंचायत कठौतिया में स्वामित्व योजना के अंतर्गत हितग्राही उर्मिला पिता मदन एवं वंदंती पिता मंगल को आबादी पट्टा प्रदान किए जाने की प्रक्रिया का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली।

विश्रामपुर में 18 एकड़ में हो रही सामूहिक खेती

ग्राम पंचायत शिवगढ़ के आश्रित ग्राम विश्रामपुर में कलेक्टर ने सामूहिक खेती की अनूठी पहल का अवलोकन किया। यहां गजराज सिंह, रामशरण, रूप नारायण, हीरा सिंह, मनबहीर एवं दिलराज सिंह मिलकर लगभग 18 एकड़ भूमि पर खेती कर रहे हैं।

इस भूमि पर आलू, मटर, मूली, सरसों एवं पाम ऑयल की खेती की जा रही है। कलेक्टर ने खेतों में पहुंचकर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से सामूहिक खेती के अनुभव, उत्पादन तथा इससे होने वाली आय के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने इस पहल के माध्यम से किसानों की सामूहिक भागीदारी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की संभावनाओं को भी समझा।

मनवारी में पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण

ग्राम पंचायत मनवारी में कलेक्टर ने नवीन ग्राम पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और केंद्र के संचालन की जानकारी ली। साथ ही बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केल्हारी छात्रावास की अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर नाराज

ग्राम पंचायत केल्हारी में कलेक्टर ने निर्माणाधीन नवीन ग्राम पंचायत भवन, खेल मैदान एवं आदिवासी बालक छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन और खेल मैदान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

छात्रावास के निरीक्षण के दौरान वॉशरूम में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रावास में पानी, बिजली एवं जर्जर व्यवस्थाओं को दो दिनों के भीतर दुरुस्त किया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उनकी मूलभूत जरूरतों और साफ-सफाई के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

भालूडांड में आम्रपाली आम और अमरूद की बागवानी देखी

निरीक्षण के अंतिम चरण में ग्राम पंचायत केवटी के आश्रित ग्राम भालूडांड में कलेक्टर ने हितग्राही श्रीमती रजनी एक्का, पति शीतल एक्का द्वारा विकसित बगीचे का निरीक्षण किया।

यहां आम्रपाली आम और अमरूद की एल-49 किस्म के पौधे लगाए गए हैं। कलेक्टर ने पौधों की स्थिति और उद्यानिकी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राही से बागवानी के माध्यम से होने वाली वार्षिक आय के बारे में जानकारी ली तथा ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने में उद्यानिकी की संभावनाओं पर चर्चा की।

विकास कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश

मैदानी निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। शासकीय संस्थानों में स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता डोंगरे, लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, श्रीमती इंदिरा मिश्रा, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली सिंह सहित तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई), पटवारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर के इस दौरे में ग्रामीण विकास की सकारात्मक पहल के साथ शासकीय संस्थानों की कमियां भी सामने आईं। अब विशेष रूप से केल्हारी छात्रावास में दो दिनों के भीतर सुधार के निर्देशों के पालन पर नजर रहेगी।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0