वन नेशन वन राशनकार्ड से खाद्य सुरक्षा अधिनियम तक दी गई जानकारी, राशनकार्ड से जुड़ी प्रक्रियाओं पर ग्रामीणों को मिला मार्गदर्शन
एमसीबी/30 सितंबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से विकासखंड मनेन्द्रगढ़ के जनपद पंचायत सभाकक्ष अमृत सदन में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में खाद्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं, खाद्य सुरक्षा व्यवस्था तथा राशनकार्ड से जुड़े कार्यों एवं प्रक्रियाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को दी गई।
शिविर की अध्यक्षता सहायक संचालक खाद्य विभाग हुलेश डडसेना ने की। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी विष्णुनारायण शुक्ला, खाद्य निरीक्षक मनेन्द्रगढ़ भूपेंद्र राज, खाद्य निरीक्षक केल्हारी श्रीमती ममता भगत, विधायक प्रतिनिधि श्रीमती कन्याकुमारी सिंह, ग्राम पंचायत छिपछिपी एवं तेंदूडांड के सरपंच, नगरपालिका मनेन्द्रगढ़ के पार्षद एवं एल्डरमैन, शासकीय उचित मूल्य दुकानों के विक्रेता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
वन नेशन वन राशन कार्ड और खाद्य सुरक्षा अधिनियम की दी जानकारी
शिविर में वन नेशन वन राशन कार्ड, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2012, नवीन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया तथा राशन कार्ड में आवश्यक संशोधन एवं अन्य संबंधित कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र हितग्राही शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।
ग्रामीणों को राशनकार्ड से जुड़ी विभिन्न सुविधाओं, खाद्यान्न प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा खाद्य विभाग द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। शिविर के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में आने वाली सामान्य प्रक्रियाओं एवं आवश्यक मार्गदर्शन से अवगत कराया गया।
सेवा संकल्प का संदेश-पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध पहुंचे योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान सेवा संकल्प अभियान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सहज, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका निराकरण करना और जरूरतमंदों को सही योजना की जानकारी उपलब्ध कराना सेवा भावना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं की भूमिका महत्वपूर्ण
शिविर में उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं को राशन वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा हितग्राहियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के प्रभावी संचालन में उचित मूल्य दुकान विक्रेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। हितग्राहियों को राशन वितरण एवं खाद्य सुरक्षा से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराते हुए शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाए।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को खाद्य विभाग की योजनाओं की जानकारी, राशन कार्ड संबंधी प्रक्रियाओं की समझ और आवश्यक मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इससे आमजन और विभाग के बीच संवाद का माध्यम मजबूत हुआ तथा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की दिशा में प्रभावी पहल हुई।




पाठकों की टिप्पणियां 0