श्री श्री जगन्नाथ मंदिर चिरमिरी में उमड़े श्रद्धालु, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से भक्तिमय हुआ वातावरण
चिरमिरी। श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ के तत्वावधान में सोमवार, 29 जून 2026 को प्रातः 7 बजे श्री श्री जगन्नाथ मंदिर, चिरमिरी परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का पावन देवस्नान पूर्णिमा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।
उत्सव के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा का 108 पवित्र कलशों के जल से विधिवत महाभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा नगर, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।
कार्यक्रम में श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ के पदाधिकारियों, जगन्नाथ प्रेमियों, कीर्तन मंडली तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन और 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में डूबा रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर श्री श्री जगन्नाथ सेवा संघ ने सभी श्रद्धालुओं, कीर्तन मंडली, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित भक्तजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी धर्म एवं संस्कृति से जुड़े आयोजनों में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0