न्यू सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लरंग साय सेवा समिति ने दी समारोह की जानकारी, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से शामिल होने की अपील
अंबिकापुर। सरगुजा के विकास पुरुष और भारतीय जनता पार्टी के आधार स्तंभ स्वर्गीय काका लरंग साय की प्रतिमा का अनावरण समारोह 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को आयोजित किया जाएगा। लरंग साय सेवा समिति की ओर से अंबिकापुर स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
समिति के अनुसार, प्रतिमा अनावरण समारोह दोपहर 12 बजे ग्राम चिरई, जसवंतपुर, विकासखंड शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, छत्तीसगढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कैबिनेट मंत्री, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।
जनसेवा और क्षेत्र के विकास में रहा महत्वपूर्ण योगदान
स्वर्गीय काका लरंग साय ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अविभाजित मध्य प्रदेश में राज्य मंत्री के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सादगी, संघर्षशील व्यक्तित्व और समाज के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समिति का कहना है कि उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके योगदान और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। समारोह के दौरान चलचित्र के माध्यम से उनके जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण एवं रोचक प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि लोग उनके सार्वजनिक जीवन, संघर्ष और जनसेवा के कार्यों से परिचित हो सकें।
समारोह में शामिल होने की अपील
लरंग साय सेवा समिति ने सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, नागरिकों और क्षेत्रवासियों से समारोह में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। समिति ने पत्रकारों से भी कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और मीडिया कवरेज के माध्यम से स्वर्गीय काका लरंग साय के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया है।
समिति के अनुसार, यह आयोजन उनके विचारों, आदर्शों और जनसेवा की विरासत को सम्मान देने का अवसर होगा।
कार्यक्रम का विवरण
दिनांक: 28 अक्टूबर 2026, बुधवार
समय: दोपहर 12 बजे
स्थान: ग्राम चिरई, जसवंतपुर, विकासखंड शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, छत्तीसगढ़
आयोजक: लरंग साय सेवा समिति




पाठकों की टिप्पणियां 0