चिरमिरी। कथित वोट चोरी, मतदाता सूची से लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने के आरोप और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिरमिरी ने पदयात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पदयात्रा बड़ा बाजार स्थित दुर्गा पंडाल से शुरू होकर एसडीएम कार्यालय पहुंची। यहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन हुए शामिल
प्रदर्शन में कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नेता, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्टी के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया।
मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच की मांग
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और वोट चोरी से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना आवश्यक है।
कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0