युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर बोले—युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और संकल्प से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
नदीम खान | सूरजपुर, 27 अक्टूबर 2026। युवाओं की प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मकता को नई दिशा देने के उद्देश्य से सूरजपुर के मंगल भवन में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग, जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को विकसित भारत @ 2047 के विजन से जोड़ने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया।
युवा राष्ट्र निर्माण में निभाएं सक्रिय भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि ‘युवा उड़ान 2026’ युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल पहचानने तथा रचनात्मकता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करने वाला आयोजन है। विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपनी ऊर्जा, नवाचार और दृढ़ संकल्प के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में योगदान दें।
युवाओं को अवसर और मार्गदर्शन देना जरूरी: कलेक्टर
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि युवा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार हैं। युवाओं की प्रतिभा, कौशल और सकारात्मक सोच को सही अवसर देकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, नई संभावनाओं को पहचानने और प्रदेश के विकास में सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं की क्षमता, कौशल और नवाचार को विकास की संभावनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष स्वाति सिंह, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0