10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य, एक ही छत के नीचे मिल रहीं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं; अंगदान और देहदान के लिए मंत्री ने किया आह्वान
चिरमिरी। सशक्त एमसीबी सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत चिरमिरी के पोड़ी स्थित मंगल भवन में दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय ने की।
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आयोजित इस शिविर में जिले के नागरिकों को विभिन्न गंभीर एवं सामान्य रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लक्ष्य रखा गया है।
अटल परिसर में पुष्पांजलि के बाद शुरू हुआ स्वास्थ्य शिविर
मेगा हेल्थ कैंप के शुभारंभ से पहले स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और जनप्रतिनिधियों ने अटल परिसर पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मंगल भवन में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने शिविर में लगाए गए विभिन्न स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्डियोलॉजिस्ट से कैंसर विशेषज्ञ तक, एक जगह विशेषज्ञ सेवाएं
मेगा हेल्थ कैंप में प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों और संस्थानों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को जांच, उपचार और परामर्श दे रहे हैं।
शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट, न्यूरोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिक्स, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट, कैंसर विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, शल्य रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, नेत्र रोग विशेषज्ञ, चर्म रोग विशेषज्ञ और ईएनटी विशेषज्ञ सहित विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध हैं।
सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने कहा कि जिले के नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया गया है। उन्होंने लोगों से शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की।
कैंसर जांच से कृत्रिम अंग तक सुविधाएं
कलेक्टर सुश्री संतना देवी जांगड़े ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चिरमिरी में मेगा हेल्थ कैंप लगाया गया है।
शिविर में बालको कैंसर इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञों की सेवाएं भी उपलब्ध हैं। जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए कृत्रिम अंग निर्माण की सुविधा हेतु पंजीयन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से स्वयं स्वास्थ्य जांच कराने और परिवार एवं आसपास के लोगों को भी शिविर की जानकारी देने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से अंगदान के प्रति जागरूक होकर संकल्प लेने का भी आह्वान किया।
10 हजार लोगों की जांच का लक्ष्य, अंगदान-देहदान के लिए बढ़ा कदम
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नागरिकों से मेगा हेल्थ कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथ-पैर से संबंधित समस्या, दृष्टि संबंधी परेशानी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग शिविर में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच और उपचार की सुविधा प्राप्त करें।
उन्होंने बताया कि शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार का लक्ष्य रखा गया है। हाथ-पैर से संबंधित जरूरतमंद हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जा रहा है।
मंत्री के अनुसार अब तक 5 लोगों ने नेत्रदान, 10 लोगों ने अंगदान और 3 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया है। उन्होंने नागरिकों से भी अंगदान और देहदान के लिए आगे आने की अपील की।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर उपचार की व्यवस्था पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लिवर, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। आवश्यकता के अनुसार देश के विभिन्न अस्पतालों में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले में जल्द ही मेंटल हॉस्पिटल शुरू किया जाएगा, जिसके लिए चिकित्सकों की व्यवस्था की जा चुकी है।
हितग्राहियों को मिली सहायक सामग्री
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी, कान की मशीन, आयुष्मान कार्ड और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत पोषण आहार प्रदान किया।
इसके साथ ही एमसीबी स्वास्थ्य विभाग को 8 डेथ बॉडी फ्रिजर भी सौंपे गए। रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 2 अक्टूबर को कैंप आयोजित नहीं होगा। इसके बाद पात्र हितग्राहियों को आवश्यकता के अनुसार संबंधित किट का वितरण किया जाएगा।
नशामुक्ति की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान एवं नशामुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, समाज और देश को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
महापौर रामनरेश राय ने स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से चिरमिरी एवं मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतना देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, बजरंगी शाही, एचएमएस महामंत्री, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, द्वारिका जायसवाल, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0