1735 के मराठाकालीन ताम्रपत्र से लेकर प्राचीन ताड़पत्रों तक का प्रदर्शन, भारत मंडपम में देश-विदेश के आगंतुकों को लुभा रही प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर
रायपुर, 16 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींच रही है। गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से संबंधित यह पांडुलिपि प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा प्रमाण प्रस्तुत करती है। इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी इतिहास प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा लगाई गई इस विशेष प्रदर्शनी में विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड से संबंधित पांडुलिपियों के अलावा राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद तथा धार्मिक एवं साहित्यिक विषयों से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ शामिल हैं।
ताड़पत्रों में संरक्षित है सदियों पुराना ज्ञान
प्रदर्शनी में ताड़पत्रों पर लिखी प्राचीन पांडुलिपियां भी लोगों की जिज्ञासा बढ़ा रही हैं। कागज के व्यापक प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर महत्वपूर्ण धार्मिक, साहित्यिक और ज्ञान संबंधी सामग्री लिखकर संरक्षित की जाती थी। वहीं ताम्रपत्रों का उपयोग राजकीय आदेशों, महत्वपूर्ण अभिलेखों और ऐतिहासिक विवरणों को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता था। वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र इसी समृद्ध अभिलेखीय परंपरा की महत्वपूर्ण कड़ी है।
नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ रही प्रदर्शनी
यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की उस समृद्ध विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रही है, जिसमें लोककला, जनजातीय संस्कृति, साहित्य, धर्म, इतिहास और पारंपरिक ज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विशेष रूप से स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की पांडुलिपि प्राचीन लेखन कला और आध्यात्मिक परंपरा की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करती है। यह पहल न केवल नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से परिचित करा रही है, बल्कि प्राचीन पांडुलिपियों और अभिलेखों के संरक्षण की आवश्यकता को भी रेखांकित कर रही है।
भारत मंडपम के हॉल नंबर-4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।
जूरी सदस्यों ने भी किया छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण
भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के जूरी सदस्यों ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण कर प्रदेश की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर उनका स्वागत किया। जूरी सदस्यों ने विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों और उनकी विशेषताओं के बारे में भी जानकारी ली।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी गौरवशाली प्राचीन विरासत के साथ आधुनिक विकास, कला और उद्यमिता की संभावनाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है।




पाठकों की टिप्पणियां 0