चिरमिरी। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ा बाजार में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान छात्राओं के सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मेधावी छात्राओं को नगद पुरस्कार एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कक्षा 12वीं के विज्ञान संकाय में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 1500-1500 रुपये एवं स्मृति-चिह्न, जबकि कक्षा 10वीं एवं 8वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 1100-1100 रुपये एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किए गए। बोर्ड परीक्षाओं में द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विद्यालय की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। प्रतिभावान छात्राओं के सम्मान से विद्यालय परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम की सफलता में प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में अहमदाबाद, गुजरात निवासी निरंजन याज्ञिक के प्रतिनिधि राकेश तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बताया गया कि यह सम्मान समारोह निरंजन याज्ञिक के सौजन्य से आयोजित किया गया। उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय कुमुद बेन याज्ञिक ने इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की थी। विद्यालय से उनके भावनात्मक जुड़ाव के चलते छात्राओं की शिक्षा, प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
उपस्थितजनों ने प्रतिभावान छात्राओं को प्रोत्साहित करने वाली इस पहल की सराहना की। समारोह ने यह संदेश दिया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को सम्मान और प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।




पाठकों की टिप्पणियां 0