18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी ने सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के साथ चलाया वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण का भी दिया संदेश
मनेंद्रगढ़। पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को जनआंदोलन बनाने की दिशा में 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चैनपुर-मनेन्द्रगढ़ द्वारा 29 एवं 30 जून 2026 को दो दिवसीय प्रेरणादायी वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान में वाहिनी के जवानों, सामाजिक संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
यह अभियान तेजस्वनी महिला मंडल, मारवाड़ी युवा संघ एवं ग्रीन वैली फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। वाहिनी के जवानों ने जल संवर्धन के लिए बनाए गए स्टॉप डैम एवं तालाबों के किनारों पर फलदार और छायादार पौधों का रोपण कर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
'हरित मनेन्द्रगढ़' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में इस अभियान के तहत लगभग 1000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ भूजल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर 18वीं विशेष भारत रक्षित वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा, सहायक सेनानी कुलचंद्र मिंज, सहायक सेनानी अविनाश अग्निहोत्री, कंपनी कमांडर आदेश कुमार दोहरे एवं पालेश्वर धृतलहरे उपस्थित रहे। वहीं तेजस्वनी महिला मंडल की श्रीमती अनीता फरसानिया, प्रिया विश्वकर्मा, ग्रीन वैली फाउंडेशन के संजय गायकवाड़, नरोत्तम शर्मा, मोतीलाल यादव सहित बड़ी संख्या में वाहिनी के जवान, उनके परिवारजन एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का संदेश दिया।




पाठकों की टिप्पणियां 0