LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
30 Oct 2026
ब्रेकिंग

पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएं स्काउट्स-गाइड्स, जल-जंगल बचाने के लिए राज्यपाल रमेन डेका ने किया प्रेरित

पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएं स्काउट्स-गाइड्स, जल-जंगल बचाने के लिए राज्यपाल रमेन डेका ने किया प्रेरित
पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभाएं स्काउट्स-गाइड्स, जल-जंगल बचाने के लिए राज्यपाल रमेन डेका ने किया प्रेरित। फोटो: आज का दिन न्यूज़

लोकभवन में 1122 स्काउट्स-गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को मिला राज्य पुरस्कार, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्काउटर-गाइडर भी सम्मानित

रायपुर, 29 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने स्काउट्स एवं गाइड्स से पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन और वनों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है, जिसके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। स्काउट्स एवं गाइड्स अपनी सक्रिय भागीदारी से जल और जंगल को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी पहल बताया।

राज्यपाल रमेन डेका गुरुवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की।

पुरस्कार के साथ बढ़ती है जिम्मेदारी

राज्यपाल ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ जीवन में अनुशासन, तत्परता और जिम्मेदारी का संदेश देता है। यह हमें कठिन परिस्थितियों का सामना करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तैयार रहने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करना गौरव की बात है, लेकिन इसके साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। सभी प्रतिभागियों को समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बनना चाहिए।

बस्तर के युवाओं की भागीदारी पर जताई प्रसन्नता

राज्यपाल रमेन डेका ने राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के लिए बस्तर क्षेत्र से पहुंचे स्काउट्स एवं गाइड्स की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में शांति स्थापित हुई है और क्षेत्र तेजी से विकास की ओर आगे बढ़ रहा है।

युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए समय की पहचान, निरंतर प्रयास और संघर्ष आवश्यक हैं। कठिन परिश्रम तथा दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।

स्काउटिंग जीवनभर सेवा की प्रेरणा देती है: शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नियम और प्रतिज्ञाएं इसके सदस्यों को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों का प्रतीक है। इस संगठन से जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त करता है।Example Image

उन्होंने कहा कि राज्यपाल के हाथों सम्मान प्राप्त करना प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित करेगा। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।

405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स सम्मानित

समारोह में प्रदेशभर से चयनित कुल 1122 प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार प्रदान किए गए। इनमें 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स शामिल रहे।

स्काउटिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ स्काउटर योगेश्वर प्रसाद गांगुली (बालोद), सर्वश्रेष्ठ गाइडर तनुजा बंजारे एवं लता वैष्णव (महासमुंद), सर्वश्रेष्ठ रोवर राजमणि बंजारे एवं चंद्रशेखर पंकज, सर्वश्रेष्ठ रेंजर कुमारी विभूति वर्मा एवं कुमारी कृति बिजौर, सर्वश्रेष्ठ स्काउट ईश साहू, हरीश कुमार खोटे एवं राजवीर भट्ट तथा सर्वश्रेष्ठ गाइड दिव्या पटेल एवं दीप्ति पटेल को सम्मानित किया गया।

दीर्घकालीन सेवाओं के लिए भी हुआ सम्मान

स्काउटिंग के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाएं देने वाले शैलेंद्र मिश्रा, आनंद राम बघेल, पवन कुमार नायक, विनोद कुमार हथेल, शशि बंछोर और रजनी रेड्डी को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। इस अवसर पर लोकभवन में पदस्थ एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।Example Image

कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा, राज्य सचिव अमित कुमार क्षत्रिय, कार्यक्रम प्रभारी शैलेंद्र मिश्रा, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडे सहित संगठन के पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0