बाढ़-भूस्खलन में जनहानि पर मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया गहरा दुःख, कहा—संकट की घड़ी में नेपाल के साथ खड़ा है पूरा भारत
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार तत्पर, 1070 और +91-771-2223471 पर मिलेगी सहायता
रायपुर, 26 अगस्त 2026। नेपाल में भीषण बाढ़ एवं भूस्खलन से उत्पन्न त्रासदी और जनहानि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत लोगों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा भारत नेपाल के पीड़ितों के साथ एकजुटता से खड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान पशुपतिनाथ से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकसंतप्त परिवारों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने तथा लापता लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।
नेपाल में फंसे छत्तीसगढ़वासियों की सुरक्षित वापसी के लिए सरकार सक्रिय
नेपाल में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण फंसे छत्तीसगढ़ के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में फंसे प्रदेशवासियों की स्थिति की जानकारी जुटाने, आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
नेपाल में फंसे किसी छत्तीसगढ़वासी अथवा उनके संबंध में जानकारी चाहने वाले परिजन आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 तथा दूरभाष +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार अपने प्रत्येक नागरिक के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदेशवासियों की सुरक्षा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।




पाठकों की टिप्पणियां 0