LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
26 Nov 2026
ब्रेकिंग

सूरजपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, खरीदार और कार मालिक समेत कई आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, खरीदार और कार मालिक समेत कई आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, खरीदार और कार मालिक समेत कई आरोपी गिरफ्तार। फोटो: आज का दिन न्यूज़

दो अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई 2 बकरियां बरामद, वारदात में प्रयुक्त सियाज कार जब्त, जांच में पांच स्थानों पर चोरी का खुलासा

सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में लगातार हो रही बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं का सूरजपुर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति और वारदात में इस्तेमाल की गई कार किराये पर उपलब्ध कराने वाले वाहन मालिक को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 बकरियां, वारदात में प्रयुक्त सियाज कार क्रमांक CG 10 VH 9456 तथा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को करवा निवासी मोहम्मद मुस्लिम अंसारी (44) ने लटोरी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1-2 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर 2 बकरे और 2 बकरियां चोरी कर ली थीं। इस मामले में अपराध क्रमांक 325/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(ए) में अपराध दर्ज किया गया था।

इसी तरह 23 नवंबर को जगतपुर निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा (49) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20-21 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उसके घर से 3 बकरे और 2 बकरियां चोरी कर ले गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

सियाज कार में घूम रहे पांच संदिग्ध पकड़े गए

24 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की सियाज कार क्रमांक CG 10 VH 9456 में कुछ लोग लटोरी क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस ने सोनवाही जंगल के पास घेराबंदी कर कार सवार पांच लोगों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने करवा और जगतपुर में हुई चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरा-बकरियों को ग्राम रायकेरा टोकापारा निवासी नुरुल्लाह खान (45) को बेचा गया था। पुलिस ने नुरुल्लाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी के 2 बकरे खरीदना स्वीकार किया।

हर रात 7 हजार रुपये में किराये पर लेते थे कार

जांच में सामने आया कि वाहन मालिक अजीत पैकरा आरोपियों को प्रत्येक रात 7 हजार रुपये किराये पर सियाज कार उपलब्ध कराता था। इसी कार का इस्तेमाल चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाता था। पुलिस ने वाहन मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सियाज कार, लोहे का रॉड, पेचकस और प्लास्टिक टेप जब्त किया है। खरीदार नुरुल्लाह खान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(4) तथा संगठित तरीके से चोरी करने के संबंध में आरोपियों के विरुद्ध धारा 112 बीएनएस भी जोड़ी गई है।

रेकी के बाद वारदात को देते थे अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने का तरीका भी बताया। गिरोह के सदस्य वारदात से 2-3 घंटे पहले ही संबंधित स्थान पर पहुंचकर रेकी करते थे। इसके बाद घर में घुसकर बकरा-बकरियों के मुंह पर प्लास्टिक टेप चिपका देते थे, ताकि वे आवाज न कर सकें। इसके बाद पशुओं को चोरी कर कार से फरार हो जाते थे।

पांच स्थानों पर चोरी की वारदातों का खुलासा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर चौकी लटोरी क्षेत्र में 2, चौकी खड़गवां क्षेत्र में 2 तथा जिला सरगुजा के लखनपुर क्षेत्र में 1 स्थान सहित कुल 5 स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार खरीदार नुरुल्लाह खान पूर्व में थाना बगीचा के बकरा चोरी के मामले में संलिप्त रहा है। वहीं दिलचन्द उर्फ ममता मोटरसाइकिल चोरी और अजीत पैकरा रामानुजगंज के ज्वेलरी शॉप चोरी के मामले में संलिप्त रह चुका है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह, एएसआई वरुण तिवारी, प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर तथा आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, संतोष जायसवाल, मनोज सिरदार, सुनील एक्का, हरिओम पाण्डेय एवं युवराज यादव की सक्रिय भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और चोरी की वारदातों के संबंध में आगे भी जांच जारी है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0