LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
23 Nov 2026
ब्रेकिंग

छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में AI का नया अध्याय, Google for Education के साथ हुआ एमओयू

छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में AI का नया अध्याय, Google for Education के साथ हुआ एमओयू
छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा में AI का नया अध्याय, Google for Education के साथ हुआ एमओयू। फोटो: आज का दिन न्यूज़

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा बोले- एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम

रायपुर के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को मिलेगा एआई प्रशिक्षण, उच्च शिक्षा संचालनालय के अधिकारी-कर्मचारी भी होंगे प्रशिक्षित

रायपुर, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इसके माध्यम से प्रदेश के महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल के तहत शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

एआई शिक्षकों की जगह नहीं लेगा, उनकी क्षमता बढ़ाएगा

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने 23 नवंबर को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित एमओयू हस्ताक्षर एवं एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शिक्षा व्यवस्था को व्यापक रूप से बदलने की क्षमता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं है, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है। शिक्षक केवल जानकारी देने का काम नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में सोचने, समझने और सवाल करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। एआई इस भूमिका को और प्रभावी बनाने में मददगार साबित हो सकता है।

बहुभाषी अध्ययन सामग्री और शोध कार्यों में मिलेगी मदद

मंत्री ने कहा कि एआई के माध्यम से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार करने, कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, पाठ योजनाएं बनाने और विद्यार्थियों के मूल्यांकन एवं फीडबैक को बेहतर बनाने में सक्षम होंगे। इसके अलावा शोध कार्यों में भी तकनीक की मदद से नई संभावनाएं विकसित होंगी।

छत्तीसगढ़ की विविध भाषाई और सामाजिक परिस्थितियों में एआई गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में उपयोगी साबित हो सकता है।

22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण

इस पहल के तहत रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों एवं अधिकारियों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वहीं उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी भी इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हैं।

प्रारंभिक कार्यशाला के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। जरूरत के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यालयीन कार्यों में भी होगा एआई का उपयोग

एआई प्रशिक्षण का लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। महाविद्यालयों एवं विभागीय कार्यालयों में पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण और अन्य प्रशासनिक कार्यों में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। इससे समय की बचत और कार्यों की दक्षता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि एआई से प्राप्त प्रत्येक जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों में इसका उपयोग करने से पहले जानकारी का सत्यापन करना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों से तकनीकी बदलाव को सकारात्मक रूप से अपनाने तथा अपने संस्थानों में नवाचार का वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी तथा गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) ईशा पोरवाल जैन सहित विभागीय अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0