LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
16 Nov 2026
ब्रेकिंग

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर एमसीबी की सहभागिता, प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों से किया संवाद

बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर एमसीबी की सहभागिता, प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों से किया संवाद
बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर एमसीबी की सहभागिता, प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों से किया संवाद। फोटो: आज का दिन न्यूज़

कलेक्टर संतन देवी जांगड़े सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सर्व आदिवासी समाज के प्रमुख वर्चुअल कार्यक्रम में हुए शामिल

मनेंद्रगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को सम्मान प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर एमसीबी जिले से कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा, सहायक आयुक्त सुश्री अंकिता मरकाम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ सुश्री वैशाली सिंह, जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती जानकी बाई कुसरो, चैनपुर की सरपंच श्रीमती मीना सिंह एवं जनपद सदस्य आनंद सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। इनमें गोंड समाज के जिलाध्यक्ष सुजीत सिंह, पाव समाज के बलबीर सिंह, बैगा समाज के रामप्रसाद नगनिहा, दुर्गा प्रसाद, नवभाग सिंह, सुखनंदन सिंह, पहलवान सिंह एवं अशोक रौतिया सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के कल्याण, उत्थान और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विभिन्न योजनाओं का विमोचन किया। साथ ही पूर्व से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न जनजातीय समुदायों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने उनकी समस्याओं, अनुभवों और सुझावों को सुना तथा जनजातीय समाज की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों और संघर्षपूर्ण जीवन का स्मरण करते हुए जनजातीय समाज की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के साथ विकास के नए अवसरों से जोड़ने के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की।

जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन करने के साथ जनजातीय समाज की पहचान, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बना। एमसीबी जिले की वर्चुअल सहभागिता ने भी जनजातीय समाज के विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और जनभागीदारी के प्रति जिला प्रशासन एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0