LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
02 Oct 2026
ब्रेकिंग

सेवा संकल्प अभियान के तहत खिलौना और वस्त्र दान अभियान शुरू

सेवा संकल्प अभियान के तहत खिलौना और वस्त्र दान अभियान शुरू
सेवा संकल्प अभियान के तहत खिलौना और वस्त्र दान अभियान शुरू। फोटो: आज का दिन न्यूज़

प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर संग्रहण एवं वितरण वाहन को किया रवाना

मनेंद्रगढ़।

महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) में सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से खिलौना एवं वस्त्र दान अभियान की शुरुआत की गई।

जिला प्रभारी एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर दान सामग्री के संग्रहण एवं वितरण के लिए वाहन को रवाना किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम, नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ के उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी उपयोगी सामग्री

अभियान का उद्देश्य समाज के सक्षम नागरिकों को सेवा और सहयोग से जोड़ते हुए जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना तथा जरूरतमंद परिवारों को उपयोगी वस्त्र और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना है।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि उनके घरों में उपयोग योग्य अतिरिक्त खिलौने, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री यदि उपलब्ध हैं, तो उन्हें जरूरतमंदों के लिए दान करें। दान की गई सामग्री को संग्रहित कर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों तक पहुंचाया जाएगा।

‘हर बच्चे की मुस्कान, हर परिवार का सम्मान’

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सेवा और संवेदना की भावना से किया गया छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने जिलेवासियों से आगे आकर इस पहल से जुड़ने और जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।

“हर बच्चे की मुस्कान, हर परिवार का सम्मान—सेवा का संकल्प” संदेश के साथ जिला प्रशासन द्वारा अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से जरूरतमंद बच्चों एवं परिवारों तक सहयोग पहुंचाकर उन्हें सम्मान, अपनत्व और खुशियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0