LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
24 Nov 2026
ब्रेकिंग

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जनआंदोलन जरूरी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय। फोटो: आज का दिन न्यूज़

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, राज्य स्तरीय कार्यशाला में बोले मुख्यमंत्री

प्रदेश में संचालित हैं 42 सखी वन स्टॉप सेंटर, 68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रहा महतारी वंदन योजना का लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार के साथ-साथ पूरे समाज को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इन गंभीर समस्याओं के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर जनआंदोलन खड़ा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा का सीधा संबंध महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से है। इनके उन्मूलन के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

जागरूकता और सतर्कता से रुकेगी मानव तस्करी

मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी, लेकिन सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इसमें कमी आई है। उन्होंने कहा कि कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसाते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज में जागरूकता एवं सतर्कता जरूरी है।

उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सांसद रहते हुए भी उनके सामने मानव तस्करी के कई मामले आए, जिनमें बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने के लिए पहल की गई। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाई है।

महिलाओं की सहायता के लिए 42 सखी सेंटर

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश में 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं, जहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श, मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के माध्यम से महिलाओं को 24 घंटे सहायता उपलब्ध है। महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस का अभिव्यक्ति ऐप भी महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने की सुविधा प्रदान कर रहा है।

महतारी वंदन से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ प्राप्त कर रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि अनेक महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई-कढ़ाई, सब्जी दुकान और छोटे व्यवसाय शुरू करने में कर रही हैं। वहीं प्रधानमंत्री के लखपति दीदी अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यशाला के सुझावों को धरातल पर उतारने पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब यहां हुए विचार-विमर्श और प्राप्त सुझावों को व्यवहार में लागू किया जाएगा। महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण तैयार करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0