मितानिन दिवस पर झोला और उपहार वितरण को लेकर गरमाई सियासत, कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री ने कहा– सरकारी खजाने से नहीं, निजी खर्च से दिए उपहार
चिरमिरी। एमसीबी जिले के खड़गवां में आयोजित राज्यस्तरीय मितानिन दिवस समारोह के बाद मितानिन बहनों को झोला और उपहार भेंट किए जाने का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। कांग्रेस द्वारा इस पर सवाल उठाए जाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तीखे अंदाज में पलटवार करते हुए कहा, “हमारा झोला, हमारा पैसा और हमारा सामान है, तो कांग्रेसियों को क्या तकलीफ है?”
मंत्री ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि झोले और उपहार का वितरण किसी सरकारी योजना या सरकारी बजट से नहीं किया गया है, बल्कि उन्होंने अपनी निजी राशि से मितानिन बहनों को उपहार भेंट किए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मितानिन दिवस पर शासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मितानिन बहनों का सम्मान किया गया। सरकारी कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से अपनी ओर से मितानिन बहनों को झोले और अन्य उपहार दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई अपनी बहनों को स्नेह और सम्मान के साथ उपहार देता है, तो इसमें कांग्रेस को आपत्ति क्यों हो रही है? क्या अब व्यक्तिगत रूप से उपहार देने के लिए भी कांग्रेस से अनुमति लेनी पड़ेगी?
मंत्री ने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उनके योगदान को देखते हुए सम्मान और प्रोत्साहन देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मितानिन बहनों के प्रति सम्मान और आत्मीयता का भाव किसी राजनीतिक प्रदर्शन का हिस्सा नहीं, बल्कि उनके कार्यों के प्रति कृतज्ञता है। ऐसी पहल पर सवाल उठाने के बजाय कांग्रेस को मितानिनों के योगदान और सम्मान के विषय पर सकारात्मक दृष्टिकोण रखना चाहिए।
फिलहाल मितानिन दिवस समारोह में बांटे गए झोले और उपहार को लेकर एमसीबी जिले की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के सवालों के जवाब में मंत्री ने इसे अपना निजी खर्च बताते हुए पूरे विवाद को राजनीतिक मुद्दा बनाने पर पलटवार किया है।




पाठकों की टिप्पणियां 0