तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई, ब्लैक स्पॉट सुधारने और साइलेंट जोन चिह्नित करने के निर्देश
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था मजबूत करने और नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण और मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध बिक्री की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्ती बरतने के निर्देश दिए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के मामलों पर विशेष चर्चा हुई। कलेक्टर ने ऐसे मामलों में लगातार जांच और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने के लिए हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सक्षम नागरिकों से सामाजिक सहभागिता के तहत हेलमेट वितरण शिविर आयोजित करने की अपील की। वहीं, जिला परिवहन अधिकारी को विभिन्न विकासखंडों में लर्निंग लाइसेंस शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट सुधारने और सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश
दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने पर जोर दिया गया। इसके लिए रंबल स्ट्रिप, डिवाइडर, रेडियमयुक्त संकेतक और स्पीड ब्रेकर जैसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण पर चालानी कार्रवाई करने तथा होटल और ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
245 मेडिकल दुकानों में लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने जिले की सभी 245 मेडिकल दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। जिन दुकानों में पहले से कैमरे लगे हैं, वहां उनकी कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग बैकअप की जांच की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाओं की अनधिकृत बिक्री पर निगरानी रखना और नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकना है।
अवैध नशे की खेती और तस्करी पर निगरानी
जिला स्तरीय नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (एनसीओआरडी) की बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान, पोस्ता एवं भांग की अवैध खेती की निगरानी और अंतरराज्यीय मामलों की जांच की प्रगति पर चर्चा हुई।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम संचालित करने तथा मादक पदार्थों की पहचान और जांच के लिए जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने पर भी जोर दिया।
डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर भी रहेगी नजर
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए। निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग करने वालों पर कार्रवाई होगी। इसके साथ ही जिले में साइलेंट जोन चिह्नित कर नियमित निगरानी की जाएगी।
कलेक्टर ने कबाड़ की आड़ में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों पर भी नजर रखने और ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
स्कूल-कॉलेजों में चलेंगे नशामुक्ति जागरूकता अभियान
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए स्कूलों और महाविद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के साथ एनडीपीएस एक्ट के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने की बात कही गई। नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की सेवाओं और व्यवस्थाओं की निगरानी पर भी चर्चा हुई।
बैठक में अपर कलेक्टर लिंगराज सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा, एसडीएम एस.एस. मिश्रा, उत्तम ध्रुव, प्रदीप राठिया, इंदिरा मिश्रा सहित स्वास्थ्य, परिवहन, लोक निर्माण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



पाठकों की टिप्पणियां 0