चिरमिरी निगम में आयोजित सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल हुए शामिल
चिरमिरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन एवं उनके सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की जनसेवा पूर्ण होने के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को चिरमिरी नगर पालिक निगम सभागार में ‘सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए।
शिविर में स्वास्थ्य मंत्री ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आयोजित गतिविधियों की जानकारी ली तथा उनकी आवश्यकताओं और सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता मित्रों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि सफाई मित्र शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का ध्यान रखना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण और जनकल्याण के भाव से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ इसी भावना को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का अवसर है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता मित्र एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0