पंडरीपानी में बहनों ने मुख्यमंत्री की कलाई पर बांधी राखी, श्री साय ने उपहार भेंट कर जताया स्नेह और सम्मान
महतारी वंदन की 31वीं किस्त के रूप में 67 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंची ₹631 करोड़ से ज्यादा की राशि
महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक संबल, दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क के लिए ₹3.23 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड का ग्राम पंडरीपानी भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और विकास के संकल्प का साक्षी बना। ‘रक्षाबंधन एवं बहनों से संवाद’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताओं-बहनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और सुखद भविष्य के प्रति जिम्मेदारी दोहराने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही समृद्ध छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। जब महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होती हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है।
पंडरीपानी को मिली विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम पंडरीपानी में लगभग ₹64 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन का लोकार्पण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि महतारी सदन गांव की महिलाओं के लिए बैठक, प्रशिक्षण, सामूहिक प्रयासों और आजीविका गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फरसाबहार और भेलवा में महतारी सदन निर्माण की घोषणा भी की। इसके साथ ही मुख्य मार्ग से दानी मोड़ा बस्ती तक सड़क निर्माण के लिए ₹3 करोड़ 23 लाख की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी।
महतारी वंदन से बहनों को मिला आर्थिक आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,000 की आर्थिक सहायता दी जा रही है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के खातों में 31वीं किस्त के रूप में ₹631 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित की गई। सितंबर माह की राशि अग्रिम रूप से जारी किए जाने से बहनों को त्योहार के अवसर पर अतिरिक्त आर्थिक सहारा मिला।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके कौशल को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा परिवार एवं समाज के विकास में उनकी भूमिका को और मजबूत करना है।
महिला समूहों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक संबल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों के विस्तार के लिए सहायता राशि के चेक प्रदान किए। मोंगरा स्व-सहायता समूह, भगोरा; वैष्णवी स्व-सहायता समूह और चांद स्व-सहायता समूह, कंदईबहार को ₹1.50-₹1.50 लाख, जबकि प्रतिज्ञा समूह, बड़ा बस्ती को ₹1 लाख की सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
बेटियों के भविष्य और संपत्ति के अधिकार पर भी जोर
कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बालिका मीनाक्षी यादव और श्रेया पैंकरा को खाता पासबुक प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने बेटियों के सुरक्षित भविष्य, शिक्षा और वित्तीय सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
वहीं, स्वामित्व योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों—हरावती, जगमनी, राजमनी, लक्ष्मी और सुमित्रा—को अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। इससे हितग्राहियों को अपनी संपत्ति पर दस्तावेजी अधिकार और सुरक्षा प्राप्त होगी।
तकनीक से आसान हो रही शासन की सेवाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से 36 विभागों की 700 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए अटल डिजिटल सेवा केंद्र शुरू किए जा रहे हैं तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रारंभ की गई है।
विष्णु भैया’ हैं पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के—गोमती साय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महिलाओं के सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को शासन की प्राथमिकताओं में रखा है। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है और महतारी सदन गांव की महिलाओं को बैठक, प्रशिक्षण तथा अन्य गतिविधियों के लिए सम्मानजनक स्थान उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने पंडरीपानी में एसबीआई की शाखा शुरू होने को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पूरे छत्तीसगढ़ की बहनों के विष्णु भैया’ हैं।
कार्यक्रम में विधायक पत्थलगांव श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं-बहनें उपस्थित थीं।




पाठकों की टिप्पणियां 0