रायपुर, 15 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में स्वर्गीय श्री कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री ठाकरे के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्वर्गीय श्री कुशाभाऊ ठाकरे का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। सादगी, अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव उनके व्यक्तित्व की विशिष्ट पहचान थी। उन्होंने अपने आचरण और कार्यशैली से सार्वजनिक जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी आत्मीयता, सरल व्यवहार और समर्पण ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में एक आदर्श व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया। आज भी उनका जीवन और विचार समाज एवं राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को स्मरण करने तथा उनसे प्रेरणा लेने का अवसर है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनकल्याण और समाज की सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्वर्गीय श्री कुशाभाऊ ठाकरे को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों से उनके सेवा, समर्पण, सादगी और राष्ट्रनिष्ठा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया।




पाठकों की टिप्पणियां 0