स्वतंत्रता दिवस समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन; साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ, स्कूली बच्चों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मनेंद्रगढ़। देश के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा स्थित पुलिस ग्राउंड में गरिमामय एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया और परेड की सलामी ली। इस दौरान पूरा पुलिस ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जिला प्रशासन की पूरी टीम, पुलिस विभाग के अधिकारी- कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र- छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जनमानस समारोह में मौजूद रहा।
ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर वाचन किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए संकल्प लेने का पर्व है।
शहीद परिवारों का किया सम्मान
समारोह के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद परिवारों के सदस्यों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने शहीद परिवारों के सदस्यों को शाल पहनाकर उनका सम्मान किया और राष्ट्र की सेवा में उनके परिजनों द्वारा दिए गए बलिदान को नमन किया। इस दौरान वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण हो गया। शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को देश की अमूल्य धरोहर बताया गया।
साइबर जागरूकता अभियान की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान साइबर जागरूकता अभियान की भी शुरुआत की गई। यह अभियान आज से प्रारंभ होकर 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। मुख्य अतिथि ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों को जागरूक रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बेहद जरूरी है।
साइबर जागरूकता अभियान के तहत लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, साइबर फ्रॉड और डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मुख्य अतिथि ने सेल्फी जोन के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने और अभियान से जुड़ने की अपील की।
स्कूली बच्चों ने बांधा समां
समारोह में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने छत्तीसगढ़ी नृत्य, देशभक्ति गीत और भारत माता के प्रति समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश देने वाली प्रस्तुतियां दीं।
रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की विविधता, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति प्रेम का संदेश दिया।
तिरंगे की आन, बान और शान बनाए रखने का संकल्प
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने मनेंद्रगढ़ में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान सदैव ऊंची रहे, यही हम सभी का संकल्प होना चाहिए। समारोह में उपस्थित लोगों ने भी राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान के साथ समारोह का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने लोगों को आजादी के वीर सपूतों के बलिदान को याद करने के साथ ही नए और विकसित भारत के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम के अंत में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने प्रशस्ति पत्र मुख्य अतिथि के हाथों सौंपा गया।




पाठकों की टिप्पणियां 0