डबरीपारा के पात्र हितग्राहियों का दोबारा डोर-टू-डोर सत्यापन, जनपद सभापति राजू गुप्ता ने सीईओ को सौंपा ज्ञापन
सूरजपुर।
जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरीपारा में आवास सर्वे सूची से 112 पात्र हितग्राहियों के नाम विलोपित होने का मामला सामने आया है। नाम सूची से गायब होने के बाद प्रभावित ग्रामीणों की शिकायत पर दोबारा डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें सभी 112 हितग्राही पात्र पाए गए। इसके बावजूद अद्यतन सूची में नाम शामिल नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने जल्द सूची दुरुस्त कर योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
मामले को लेकर सहकारिता एवं उद्योग विकास विभाग के जनपद सभापति राजू कुमार गुप्ता बुधवार को प्रभावित ग्रामीणों के साथ जनपद पंचायत भैयाथान कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर 112 पात्र हितग्राहियों के नाम आवास सर्वे की अद्यतन सूची में शामिल कराने तथा आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
तकनीकी त्रुटि से नाम विलोपित होने का उल्लेख
ज्ञापन में बताया गया है कि संबंधित प्रक्रिया के दौरान हुई तकनीकी त्रुटि के कारण ग्राम पंचायत डबरीपारा के 112 ग्रामीणों के नाम आवास सर्वे सूची से विलोपित हो गए थे। इसके बाद प्रभावित हितग्राहियों ने प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद संबंधित हितग्राहियों का दोबारा डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन में सभी 112 हितग्राही नियमानुसार पात्र पाए गए। इसके बावजूद अद्यतन सूची में नाम दर्ज नहीं होने को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से सूची में सुधार कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
जिले में करीब 18 हजार नाम प्रभावित होने का दावा
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि तकनीकी कारणों से डबरीपारा के अलावा जिलेभर में करीब 18 हजार नाम प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि दोबारा सत्यापन में पात्र पाए गए हितग्राहियों के नाम जल्द से जल्द आवास सर्वे की अद्यतन सूची में शामिल किए जाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भौतिक सत्यापन में पात्रता स्पष्ट हो चुकी है, तो सूची में नाम शामिल करने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
जनपद स्तर से रिपोर्ट जिला पंचायत भेजी गई
जनपद पंचायत भैयाथान के सीईओ विनय गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने के बाद जनपद स्तर से डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें संबंधित हितग्राही पात्र पाए गए। जिला पंचायत द्वारा मांगे गए दस्तावेज और प्रतिवेदन भी जनपद स्तर से उपलब्ध करा दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद स्तर की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित फाइल अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर भेजी जा चुकी है। अब पात्र हितग्राहियों के नाम अद्यतन सूची में कब तक शामिल होंगे, यह आगे की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा।
“ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने के बाद हमारे द्वारा डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें संबंधित हितग्राही पात्र पाए गए हैं। जिला पंचायत द्वारा मांगे गए दस्तावेज व प्रतिवेदन जनपद स्तर से सर्वे के बाद उपलब्ध करा दिए गए हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर अग्रिम कार्रवाई के लिए फाइल उच्च स्तर पर भेज दी गई है।”
— विनय गुप्ता, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत भैयाथान
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत डबरीपारा के खुटरापारा सहित विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में ग्रामीण जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। इनमें लक्ष्मण, बजरंगी, अवधेश यादव, कुन्ती, अनिता यादव, ईश्वर, ब्रजेश्वर, शोभित, मानिक चंद, राकेश साहू, लवकेश यादव, आशीष यादव, लालजी यादव, कैलास, फूलकुंवर, रविशंकर, कृष्ण बिहारी, प्रेमबहादुर, कलिराम, लच्छन, मनिराम, रामगुलाम, छोटा कुमार साहू, हसेलाल, लालचंद, विजय, तेजबहादुर यादव, सावित्री यादव, ओमप्रकाश, कोमल, शिवशंकर, सतीश यादव, हरिशंकर यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।




पाठकों की टिप्पणियां 0