पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला, 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई
चिरमिरी। महिला के साथ अश्लील इशारे कर उसे परेशान करने के मामले में चिरमिरी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
घर के सामने अश्लील हरकत करने का आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने थाना चिरमिरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे वह अपने घर के सामने स्ट्रीट लाइट के पास खड़ी थी। इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला वंशालाल कथित रूप से निर्वस्त्र होकर अश्लील इशारे करने लगा और उसे गलत काम के लिए बुलाने लगा।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई बार अश्लील इशारे कर उसे परेशान कर चुका था। घटना के दौरान पीड़िता के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी वहां से भाग गया।
अपराध दर्ज कर शुरू की गई जांच
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना चिरमिरी में अपराध क्रमांक 368/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1)(ii) और 79 में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसकी तलाश की गई।
54 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी वंशालाल, उम्र 54 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16, गढ़हा दफाई, हल्दीबाड़ी, थाना चिरमिरी को 9 अक्टूबर 2026 को पूछताछ के लिए बुलाया गया। अपराध में संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वासुदेव परगनिहा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जिज्ञासा यादव, प्रधान आरक्षक अशोक मलिक और आरक्षक क्रमांक 133 सुरेश तिग्गा का योगदान रहा।
पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।




पाठकों की टिप्पणियां 0