LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
02 Oct 2026
ब्रेकिंग

आईजी दीपक कुमार झा ने किया सूरजपुर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, जवानों की समस्याएं सुनीं

आईजी दीपक कुमार झा ने किया सूरजपुर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, जवानों की समस्याएं सुनीं
आईजी दीपक कुमार झा ने किया सूरजपुर पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, जवानों की समस्याएं सुनीं। फोटो: आज का दिन न्यूज़

पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध से निपटने पर जोर; थाना प्रतापपुर सहित रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

सूरजपुर।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने 29 एवं 30 सितंबर 2026 को सूरजपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली, संसाधनों, अभिलेखों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की शिकायतों के समयबद्ध निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र सूरजपुर में परेड की सलामी के साथ हुई। आईजी ने परेड का निरीक्षण करते हुए अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्नआउट का जायजा लिया। उत्कृष्ट वेशभूषा वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया।

डॉग स्क्वाड और शासकीय वाहनों का निरीक्षण

आईजी ने डॉग स्क्वाड का निरीक्षण करते हुए डॉग मास्टर को डॉग्स के खानपान, नियमित ट्रेनिंग और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया। वाहन चालक आरक्षकों का नियमित नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कराने, वाहनों की निर्धारित समय पर सर्विसिंग कराने और दुर्घटना से बचाव के लिए वाहनों में रेडियम लगाने के निर्देश दिए। वाहनों की लॉगबुक सहित अन्य दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड संधारण को और बेहतर करने पर जोर दिया।

पुलिस दरबार में सुनीं अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं

रक्षित केंद्र सूरजपुर में आयोजित पुलिस दरबार में आईजी दीपक कुमार झा ने अधिकारी एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निराकरण के निर्देश दिए।

आईजी ने कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर निराकरण होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने पुलिस जवानों को फिटनेस और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा खेलकूद एवं फिजिकल एक्टिविटी में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली का सीधा प्रभाव आमजन के बीच पुलिस की छवि और विश्वास पर पड़ता है। इसलिए नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाना चाहिए।

नशे और साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

आईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की सेवा, सुरक्षा और शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता में रखा जाए। किसी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करने को कहा। साथ ही साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी ज्ञान बढ़ाने और साइबर अपराधों से निपटने के लिए पूरी क्षमता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

थाना प्रतापपुर और एसडीओपी कार्यालय का निरीक्षण

29 सितंबर को आईजी ने थाना प्रतापपुर एवं एसडीओपी प्रतापपुर कार्यालय का निरीक्षण किया। थाना परिसर में उन्होंने विभिन्न पंजियों, शस्त्रागार, मालखाना और सीसीटीएनएस कक्ष का बारीकी से अवलोकन किया।

उन्होंने लंबित अपराधों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए उनके समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही जब्त माल के शीघ्र निराकरण, अपराध की रोकथाम, आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों पर सतत निगरानी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

एसडीओपी प्रतापपुर कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन दस्तावेजों का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

आर्म्स, स्टोर और मैगजीन रूम का भी जायजा

आईजी ने रक्षित केंद्र की आर्म्स शाखा, स्टोर शाखा, मैगजीन रूम और एनडीपीएस मालखाना का भी निरीक्षण किया। स्टोर में रखी सामग्री के बेहतर रखरखाव और जवानों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

आर्म्स शाखा में हथियारों की सुरक्षा, नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव पर जोर दिया गया। उपयोगी उपकरणों की समय पर मरम्मत और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस लाइन में किया पौधारोपण

निरीक्षण के दौरान आईजी दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने पुलिस लाइन परिसर में फलदार पौधे का रोपण किया। आईजी ने रक्षित निरीक्षक को पौधे की नियमित देखभाल करने तथा पुलिस लाइन में व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की स्थिति का भी जायजा लिया।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मंडावी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0