चांदनी बिहारपुर के नवगई में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर दर्ज किया मामला
सूरजपुर।
जिले के चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवगई में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिला निवासी अभिसन बीयार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बाइक क्रमांक एमपी 66 जेडएच-9259 पर सवार युवक ग्राम नवगई स्थित चांदनी पेट्रोल पंप के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक सवार की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही चांदनी बिहारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
परिजनों को दी गई सूचना
पुलिस ने मृतक की पहचान के बाद उसके परिजनों को मोबाइल के माध्यम से घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन सिंगरौली से रवाना हो गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
दुर्घटनाकारी पिकअप जब्त
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाकारी पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं पिकअप चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसे तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को रेखांकित करते हैं। वाहन चालकों की लापरवाही और तेज गति कई बार खुद के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी जानलेवा साबित होती है।




पाठकों की टिप्पणियां 0