मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा दुःख, राउत नाचा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनके योगदान को बताया अविस्मरणीय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रख्यात शिक्षाविद्, साहित्यकार एवं समाजसेवी डॉ. कालीचरण यादव के निधन से प्रदेश के कला, साहित्य और संस्कृति जगत में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डॉ. यादव ने अपना संपूर्ण जीवन छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, कला और समृद्ध परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया था। पारंपरिक लोकनृत्य राउत नाचा को महोत्सव का स्वरूप प्रदान करने तथा इसे राष्ट्रीय मंच पर स्थापित कर अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि डॉ. कालीचरण यादव ने अपनी सांस्कृतिक साधना और अथक प्रयासों से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं को नई पहचान दिलाई। लोककला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।




पाठकों की टिप्पणियां 0