कृषि, सिंचाई, बिजली, महिला एवं बाल विकास की योजनाओं की प्रगति पर मंथन, विकसित भारत जी राम जी योजना और मानव-हाथी संघर्ष का मुद्दा भी उठा
मनेंद्रगढ़। जिला पंचायत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान कृषि, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, सड़क, बिजली तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़े जनहित के मुद्दों पर चर्चा करते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और ग्रामीण समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की बात कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंकिता सोम, उपाध्यक्ष राजेश साहू, जिला पंचायत सदस्य उजित नारायण सिंह, श्रीमती सुखमंती सिंह, रामजीत लकड़ा, श्रीमती अनीता चौधरी, श्रीमती अनीता सिंह, श्रीमती प्रिया, श्रीमती बेला कुंवर, श्रीमती ममता सिंह, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि और सिंचाई सुविधाओं को लेकर हुई समीक्षा
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ एवं रबी फसलों से संबंधित योजनाओं, कृषक उन्नति योजना, कृषि यंत्रों पर अनुदान, जल संरक्षण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड तथा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की जानकारी ली गई। परंपरागत कृषि विकास योजना के तहत दलहन एवं तिलहन फसलों को प्रोत्साहित करने और किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई।
वहीं जल संसाधन विभाग की समीक्षा में वृहद, मध्यम एवं लघु सिंचाई परियोजनाओं, नहरों के जीर्णोद्धार, एनीकट, स्टॉपडेम और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों की जानकारी ली गई। मनेंद्रगढ़, खड़गवां एवं भरतपुर विकासखंड के जलाशयों से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की समय-सीमा पर भी चर्चा की गई।
स्कूल भवनों की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था का मुद्दा उठा
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान तिमाही एवं छमाही परीक्षाओं, जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली गई। ग्राम कुरकुटी में विद्यालय की आवश्यकता तथा नारायणपुर स्कूल एवं बंजी पूर्व माध्यमिक शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की मांग जिला पंचायत सदस्यों ने उठाई।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पानी की टंकियों, समूह जल प्रदाय योजनाओं, हैंडपंपों और पाइपलाइन के माध्यम से जल आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा हुई। सदस्यों ने खराब जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई।
महिला एवं बाल विकास की योजनाओं पर भी मंथन
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की भर्ती, पूरक पोषण आहार कार्यक्रम, महिला स्व सहायता समूहों के भुगतान, रेडी टू ईट की आपूर्ति तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं और बच्चों को पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली गई।
इसके अलावा आंगनबाड़ी भवनों की उपलब्धता, शौचालय एवं अहाता निर्माण, पोषण ट्रैकर और अपार आईडी की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बिजली और सड़क निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधिक बिजली बिल आने की समस्या, नए विद्युत खंभों की आवश्यकता तथा बिजली समाधान योजना के तहत उपभोक्ताओं को मिलने वाले लाभ पर चर्चा हुई। ग्राम पसौरी, बुलाकीटोला, मट्ठा, बंजी पटेलपारा एवं पहाड़ हंसवाही में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग उठाई गई।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत सड़कों की स्थिति और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यों ने सड़क निर्माण में गिट्टी, मिट्टी एवं डामरीकरण के निर्धारित मानकों का पालन करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता बताई।
विकसित भारत जी राम जी योजना और वन संरक्षण पर चर्चा
बैठक में सांख्यिकी विभाग द्वारा जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्रों के पंजीयन की प्रक्रिया में हुए बदलावों की जानकारी दी गई। आदिवासी विकास, समाज कल्याण, क्रेडा और श्रम विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रावधानों, ग्रामीण विकास, रोजगार और इसके क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई।
वन विभाग ने किसान वृक्ष मित्र योजना, एक पेड़ मां के नाम 2.0, वृक्षारोपण अभियान, युवान मिशन तथा लघु वनोपज एवं औषधीय पौधों के संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
मानव-हाथी संघर्ष को लेकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
क्षेत्र में हाथियों के विचरण और मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा का विषय भी बैठक में प्रमुखता से सामने आया। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई। हाथियों की गांव के आसपास मौजूदगी की सूचना मिलने पर कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को स्कूल, पंचायत भवन अथवा किसी अन्य सुरक्षित पक्के भवन में जाने और ग्राम पंचायत के सरपंच से संपर्क करने की सलाह दी गई।
विकास कार्यों में जवाबदेही और समन्वय पर अध्यक्ष ने दिया जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना चाहिए। सामान्य सभा जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है, जहां ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा तय की जाती है।
उन्होंने अधिकारियों से जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने, विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से पहल करने की अपेक्षा जताई।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू ने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, नियमित पेयजल आपूर्ति, बिजली, सड़क और महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सुविधाओं का मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण करने तथा विकास कार्यों में जवाबदेही और आपसी समन्वय बनाए रखने की बात कही।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी जरूरतों और समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी।




पाठकों की टिप्पणियां 0