वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद ने वार्डवार सर्वे, अनुमति और विज्ञापन शुल्क की जांच कराने की उठाई मांग
सूरजपुर।
नगर पालिका क्षेत्र में लंबे समय से लगे होर्डिंग एवं विज्ञापन बोर्डों को लेकर वार्ड क्रमांक 16 के पार्षद प्रमोद टायल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपकर सर्वे और जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद ने नगर पालिका क्षेत्र में लगे सभी होर्डिंग एवं विज्ञापन बोर्डों का स्थलवार और वार्डवार सर्वेक्षण कराने की मांग की है। साथ ही प्रत्येक होर्डिंग की अनुमति, अनुज्ञप्ति, निर्धारित विज्ञापन शुल्क, जमा राशि और अनुमति की वैधता अवधि की जांच कर उसका रिकॉर्ड तैयार करने की बात कही है।
अनुमति और शुल्क की जांच की मांग
पार्षद का कहना है कि नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लंबे समय से बड़ी संख्या में होर्डिंग और विज्ञापन बोर्ड लगे हुए हैं। इनमें कुछ बोर्डों की अनुमति और निर्धारित विज्ञापन शुल्क जमा होने की स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी मांग की है कि जिन होर्डिंगों की अनुमति अवधि समाप्त हो चुकी है, उनकी भी पहचान की जाए।
नगर पालिका राजस्व का दिया हवाला
पत्र में पार्षद ने कहा है कि यदि कोई होर्डिंग बिना अनुमति लगाया गया है या अनुमति अवधि समाप्त होने के बाद भी लगा हुआ है, तो इससे नगर पालिका को विज्ञापन शुल्क के रूप में मिलने वाले राजस्व पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने प्रत्येक होर्डिंग का भौतिक सत्यापन कराकर अधिकृत और अनधिकृत विज्ञापन बोर्डों को अलग-अलग चिन्हित करने की मांग की है। इसके साथ ही अनुमति पत्र, अनुज्ञप्ति, निर्धारित शुल्क, जमा राशि और वैधता अवधि से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने की बात कही गई है।
अनधिकृत होर्डिंग हटाने की मांग
पार्षद ने बिना अनुमति लगाए गए तथा अनुमति अवधि समाप्त हो चुके होर्डिंगों को नियमानुसार हटाने की मांग की है। साथ ही संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमों के तहत कार्रवाई और यदि विज्ञापन शुल्क की कोई बकाया राशि हो तो उसकी वसूली किए जाने की मांग की गई है।
पूर्व के संकल्प की भी जांच की मांग
पत्र में नगर पालिका परिषद द्वारा पूर्व में इस संबंध में संकल्प पारित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है। पार्षद ने मांग की है कि यदि पूर्व के संकल्प के बावजूद संबंधित होर्डिंगों पर कार्रवाई नहीं हुई है तो इसकी भी जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट की जाए।
वार्डवार सर्वे और दस्तावेजीकरण पर जोर
पार्षद ने नगर पालिका क्षेत्र में लगे सभी होर्डिंग एवं विज्ञापन बोर्डों का वार्डवार सर्वे और दस्तावेजीकरण कराने पर जोर दिया है। सर्वे के दौरान प्रत्येक बोर्ड की स्थिति, अनुमति और शुल्क संबंधी जानकारी दर्ज करने तथा अनधिकृत पाए जाने वाले होर्डिंगों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
अब पार्षद के पत्र के बाद नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस संबंध में सर्वे और जांच की क्या प्रक्रिया अपनाई जाती है तथा जांच में अनधिकृत पाए जाने वाले होर्डिंगों पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।




पाठकों की टिप्पणियां 0