10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य, गंभीर मरीजों को जरूरत पड़ने पर दिल्ली-मुंबई सहित बड़े शहरों में नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था
चिरमिरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में दोपहर 1 बजे तक एक हजार से अधिक मरीजों का पंजीयन हो चुका था। आयोजकों ने शाम तक यह संख्या करीब 2500 तक पहुंचने की उम्मीद जताई, जबकि पूरे शिविर में 10 हजार लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने भी मेगा हेल्थ कैंप में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, महापौर रामनरेश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने शिविर में पहुंचे मरीजों से मुलाकात की और चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम से उपचार एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श किया जा रहा है।
घर-द्वार तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार का उद्देश्य
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “हम कहते नहीं, करते हैं” की भावना के साथ काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “तुहर लईका, तुहर दुआरी, तुहर कमियां श्याम बिहारी।” उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों की चिकित्सकीय टीमें चिरमिरी पहुंचकर मरीजों की जांच कर रही हैं। अगले दिन रायपुर के बड़े अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम भी शिविर में पहुंचकर मरीजों को सेवाएं देगी।
गंभीर मरीजों को बाहर भेजकर कराया जाएगा उपचार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जिन मरीजों को गंभीर बीमारी के उपचार के लिए दिल्ली, मुंबई अथवा देश के अन्य बड़े शहरों में इलाज की आवश्यकता होगी, उनके उपचार की व्यवस्था बाहर भेजकर कराई जाएगी। मरीजों के आने-जाने की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध कराने की बात उन्होंने कही।
शिविर में दिलाई नशामुक्ति की शपथ
मेगा हेल्थ कैंप के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। जरूरतमंद हितग्राहियों को छड़ी एवं श्रवण यंत्र (ईयर मशीन) का वितरण भी किया गया।
इस दौरान 8 डेड बॉडी फ्रीजर भी प्रदान किए गए। शिविर में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से सेवाएं देने पहुंचे चिकित्सकों को स्वास्थ्य मंत्री ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
देहदान को लेकर भी बढ़ी जागरूकता
मेगा हेल्थ कैंप में देहदान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने देहदान का संकल्प लिया। आयोजकों के अनुसार अब तक 10 लोगों ने देहदान के लिए सहमति जताई है, जिनमें से 3 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, एसईसीएल चिरमिरी के मुख्य महाप्रबंधक रमेश, एचएमएस महामंत्री बजरंगी शाही, विधायक प्रतिनिधि राजू नायक, जिला भाजपा महामंत्री द्वारिका जायसवाल, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम सोनकर, मंडल महामंत्री रीत जैन, मंडल महामंत्री धर्मेंद्र त्रिपाठी, CMHO डॉ. अविनाश खरे, बबलू डे सहित एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सुबह से ही मेगा हेल्थ कैंप में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जुटी रही। विभिन्न बीमारियों की जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया।




पाठकों की टिप्पणियां 0