चिरमिरी। राष्ट्रवादी मंच परिवार छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग एवं सम्मान समारोह में संगठन की नई प्रदेश, संभाग एवं कुछ जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इस दौरान एमसीबी जिले के रीत जैन को सरगुजा संभाग का सह संयोजक नियुक्त किया गया।
11 एवं 12 सितंबर 2026 को बिलासपुर के झूलेलाल मंगलम, तिफरा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश के 28 जिलों से पहुंचे 232 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। दो दिनों तक चले प्रशिक्षण में राष्ट्रवाद, संगठन, सनातन संस्कृति, युवा शक्ति, सोशल मीडिया, आईटी एक्ट, डिजिटल अपराध तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं ने मार्गदर्शन दिया।
11 सितंबर को आयोजित उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, हर्षिता पांडेय, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, रामदेव कुमावत, दीपक सिंह, टीम हल्लाबोल के प्रदेश संगठन मंत्री राकेश चंद्राकर सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया।
उद्घाटन सत्र में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और राष्ट्रहित में उसकी भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से तथ्य, तर्क और सकारात्मक संवाद के माध्यम से अपने विचारों को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। दूसरे दिन तकनीक, सोशल मीडिया और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण वर्ग एवं सम्मान समारोह का समापन छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। समापन अवसर पर वक्ताओं ने युवाओं और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सकारात्मक और तथ्यपरक उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणियों की घोषणा के साथ एमसीबी जिले के रीत जैन को सरगुजा संभाग का सह संयोजक बनाए जाने की घोषणा हुई। उनकी नियुक्ति के बाद समर्थकों एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
इसी अवसर पर राष्ट्रवादी मंच परिवार द्वारा राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े समाचारों एवं विषयों को सामने लाने के उद्देश्य से तैयार किए गए न्यूज़ पोर्टल का भी शुभारंभ अतिथियों द्वारा किया गया। संगठन की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ आधुनिक संचार माध्यमों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार करना रहा।




पाठकों की टिप्पणियां 0