LIVEभारत और दुनिया की हर बड़ी खबर
30 Oct 2026
ब्रेकिंग

महिला हितैषी ग्राम पंचायत की जमीनी हकीकत परखने खड़गवां पहुंची राष्ट्रीय टीम, स्वास्थ्य से लेकर आजीविका तक का लिया जायजा

महिला हितैषी ग्राम पंचायत की जमीनी हकीकत परखने खड़गवां पहुंची राष्ट्रीय टीम, स्वास्थ्य से लेकर आजीविका तक का लिया जायजा
महिला हितैषी ग्राम पंचायत की जमीनी हकीकत परखने खड़गवां पहुंची राष्ट्रीय टीम, स्वास्थ्य से लेकर आजीविका तक का लिया जायजा। फोटो: आज का दिन न्यूज़

महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी गतिविधियों का किया भौतिक सत्यापन, स्व-सहायता समूहों के कार्यों का भी किया निरीक्षण

मनेंद्रगढ़। महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम के अंतर्गत राष्ट्रीय टीम ने मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले की ग्राम पंचायत खड़गवां का दौरा किया। इस दौरान टीम ने पंचायत में महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आजीविका, सामाजिक भागीदारी और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़ी गतिविधियों का भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

भ्रमण की शुरुआत ग्राम पंचायत खड़गवां के बैठक कक्ष में आयोजित बैठक से हुई। इसमें पंच, सरपंच, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य मितानिन और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में महिला हितैषी ग्राम पंचायत की अवधारणा, इसके क्रियान्वयन तथा पंचायत स्तर पर महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।

डिजिटल सेवाओं से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण

बैठक के बाद राष्ट्रीय टीम ने अटल डिजिटल सेवा केंद्र (CSC) का निरीक्षण किया। यहां केंद्र की प्रभारी श्रीमती रीना गुप्ता से चर्चा कर उपलब्ध अभिलेखों का अवलोकन किया गया। साथ ही लोक सेवा केंद्र के माध्यम से महिलाओं को प्रदान की जा रही विभिन्न डिजिटल एवं शासकीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई।

इसके पश्चात टीम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां पहुंची। यहां बालिकाओं के टीकाकरण की व्यवस्था, महिला प्रसव कक्ष और महिला वार्ड का निरीक्षण कर महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया गया।

टीम ने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान कुपोषित बच्चों और उनकी माताओं से बातचीत कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, उपचार और देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

स्व-सहायता समूहों के स्वरोजगार मॉडल को देखा

महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों का मूल्यांकन करने के लिए राष्ट्रीय टीम ने साक्षर भारत स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती अज्जुन्निशा के सिलाई केंद्र का निरीक्षण किया। यहां महिलाओं द्वारा संचालित सिलाई कार्य और रोजगार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी ली गई।

इसी क्रम में राधा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष श्रीमती शफीला एवं समूह की अन्य सदस्यों से मुलाकात की गई। टीम ने रेडीमेड कपड़ों की दुकान के संचालन, स्वरोजगार के माध्यम से आय अर्जित करने तथा समूह द्वारा लिए गए ऋण की समय पर अदायगी के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

विद्यालयों में बाल सहभागिता का भी किया मूल्यांकन

भ्रमण के अंतिम चरण में राष्ट्रीय टीम ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खड़गवां और स्वामी आत्मानंद विद्यालय का दौरा किया। यहां विद्यालयों के प्राचार्यों से चर्चा कर बाल सभा के आयोजन, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा बाल हितैषी गतिविधियों के संचालन की जानकारी ली गई।

राष्ट्रीय टीम के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य महिला हितैषी ग्राम पंचायत की अवधारणा के अनुरूप खड़गवां पंचायत में संचालित गतिविधियों का भौतिक सत्यापन करना था। साथ ही महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और आर्थिक स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों का मूल्यांकन कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति को समझना था।

इस भ्रमण के माध्यम से ग्राम पंचायत में महिला सशक्तीकरण, सामुदायिक भागीदारी और ग्रामीण आजीविका से जुड़े कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।

यह खबर कैसी लगी?

शेयर करें

Admin

Admin

पाठकों की टिप्पणियां 0