प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से जारी की राशि, पात्र किसानों को डीबीटी के माध्यम से मिले 2-2 हजार रुपये
मनेंद्रगढ़। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के किसानों को आर्थिक सहायता की नई किस्त का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए 2-2 हजार रुपये की राशि भेजी गई।
योजना के तहत एमसीबी जिले के कुल 27,977 पात्र किसानों के बैंक खातों में 5 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई है। इस आर्थिक सहायता से किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से बीज, खाद, उर्वरक और अन्य कृषि सामग्री की व्यवस्था करने में यह राशि किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी।
जिले के तीनों विकासखंडों में हुआ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर जिले के तीनों विकासखंडों के साथ जिला सहकारी समितियों एवं लोक सेवा केंद्रों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषक समूहों और बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की। उपस्थित किसानों को योजना की किस्त जारी होने तथा इसके माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी दी गई।
किसानों को हर साल मिलते हैं 6 हजार रुपये
उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है।
योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है। किसान इस राशि का उपयोग बीज, खाद, उर्वरक, कीटनाशक और अन्य जरूरी कृषि सामग्री की खरीदी में कर सकते हैं। नियमित आर्थिक सहायता से किसानों को खेती की तैयारियों और कृषि कार्यों के संचालन में सहयोग मिलता है।
ई-केवाईसी और बैंक खाते की जानकारी अपडेट रखने की अपील
कृषि विभाग ने जिले के सभी किसान भाइयों एवं बहनों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त करने के लिए अपना पंजीयन, ई-केवाईसी, आधार से बैंक खाते की लिंकिंग तथा भूमि संबंधी अभिलेखों की स्थिति की जांच अवश्य कर लें।
विभाग ने बताया कि जिन किसानों के बैंक खातों में किस्त की राशि प्राप्त नहीं हुई है, वे पीएम-किसान के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध Know Your Status विकल्प के माध्यम से भुगतान की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
किसी प्रकार की त्रुटि या तकनीकी समस्या होने पर किसान संबंधित कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक सुधार करा सकते हैं।
कृषि विभाग ने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।




पाठकों की टिप्पणियां 0